क्रिकेट

दलीप ट्रॉफी के लिए पूर्वी क्षेत्र की टीम का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी बने टीम के उपकप्तान

15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को दलीप ट्रॉफी के लिए चुनी गई ईस्ट जोन की टीम की टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। बिहार से टीम में शामिल वो एकलौते क्रिकेट खिलाड़ी हैं।

Image

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट AI Generated)

कोलकाता: प्रतिभाशाली किशोर क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को अगले महीने से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी के लिए ईशान किशन की अगुआई वाली पूर्व क्षेत्र टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। बंगाल और झारखंड के खिलाड़ियों के वर्चस्व वाली टीम में 15 वर्षीय सूर्यवंशी को अपने पहले लाल गेंद के क्षेत्रीय टूर्नामेंट में ही उपकप्तान बनाए जाने को इस बात का संकेत माना जा रहा है कि उन्हें सभी प्रारूपों के खिलाड़ी के रूप में तैयार किया जा रहा है। बिहार के सूर्यवंशी टीम में राज्य के एकमात्र खिलाड़ी हैं।

मोहम्मद शमी सहित कई धाकड़ खिलाड़ियों को मिली टीम में जगह

पूर्व क्षेत्र की टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद तथा भारत ए के पूर्व कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन को भी शामिल किया गया है। टीम चयन के लिए बैठक ईडन गार्डन्स में आयोजित की गई जहां क्षेत्रीय चयनकर्ताओं ने बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के अध्यक्ष सौरव गांगुली से भी मुलाकात की। कप्तान किशन के अलावा झारखंड से भारत ए के खिलाड़ी कुमार कुशाग्र और अनुकूल रॉय को भी टीम में जगह मिली है।

वैभव का उपकप्तान बनना बिहार क्रिकेट के लिए गर्व की बात

बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने कहा,'इतनी कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी का पूर्व क्षेत्र की टीम का उपकप्तान बनना बिहार क्रिकेट के लिए बेहद गर्व की बात है। अपने शानदार प्रदर्शन और खेल के प्रति परिपक्व दृष्टिकोण के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का भरोसा जीता है।' यह टूर्नामेंट 23 अगस्त से छह सितंबर तक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा।

पूर्व क्षेत्र टीम:

इशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधू जायसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिक्जार मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, सुभ्रांशु सेनापति, डेनिश दास और अभिजीत सरकार।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article