शहर

Punjab: चुनाव से पहले मान सरकार को एक के बाद एक झटके, AAP के तीनों बागी विधायक BJP में शामिल

Punjab: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। हाल ही में इस्तीफा देने वाले 'आप' के तीनों बागी विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा, हरमीत सिंह पठानमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।

Image

तीनों पूर्व विधायकों ने थामा बीजेपी का दामन

Photo : ANI

Punjab News: पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और भगवंत मान सरकार को एक के बाद एक कई बड़े सियासी झटके लगे हैं। पिछले 24 घंटों के भीतर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और विधानसभा से इस्तीफा देने वाले 'आप' के तीनों बागी विधायक अमृतसर नॉर्थ से कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया।। इस बड़े सियासी उलटफेर से पंजाब की राजनीति में गरमाहट आ गई है।

24 घंटों में हुए तीन विधायकों के इस्तीफे

आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद पार्टी के भीतरी असंतोष खुलकर सामने आने लगे थे। कई मौजूदा विधायक और वरिष्ठ नेता टिकट बांटने और संगठनात्मक फैसलों को लेकर नाराज बताए जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे की बात करें तो पूर्व मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा (समाना, पटियाला) ने हल्का प्रभारी के रूप में सुरजीत सिंह रखड़ा की नियुक्ति पर असहमति जताई और रविवार को इस्तीफा दे दिया। वहीं हरमीत सिंह पठानमाजरा (सनौर, पटियाला) पहले से ही विभिन्न विवादों के बाद पार्टी नेतृत्व से दूरी बनाए हुए हैं और अपना इस्तीफा रविवार को भेज दिया। इसी कड़ी में अमृतसर नॉर्थ से विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा पत्र भेज दिया।

'आप' की स्पीकर से अयोग्यता की मांग

आम आदमी पार्टी ने बगावत के सुर तेज होने के बाद कड़ा रुख अपनाया है। 'आप' ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा को निलंबित कर दिया था, जिसके बाद दोनों नेताओं ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। 'आप' नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि वह दोनों नेताओं की विधानसभा सदस्यता रद्द कराने के लिए पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष के समक्ष याचिका दायर करेगा। पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह को पार्टी ने 29 जून 2025 को ही पार्टी से निलंबित कर दिया था, जिन्होंने अब सोमवार को अपनी सीट से इस्तीफा देकर बीजेपी ज्वाइन की है।

उम्मीदवारों की पहली सूची के बाद भड़की बगावत

यह सियासी घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब आम आदमी पार्टी ने शनिवार को ही 2027 के चुनाव के लिए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान को धूरी से, विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान को कोटकपूला से और वर्तमान में जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से मैदान में उतारा गया है। सूची में अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, करतारपुर से बलकार सिंह, गढ़शंकर से जय कृष्ण सिंह रोड़ी, साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) से कुलवंत सिंह और भदौड़ से लाभ सिंह उगोके जैसे मंत्रियों के नाम शामिल हैं। पहली सूची आते ही टिकटों की अनिश्चितता और अंदरूनी खींचतान के चलते तीनों दिग्गज विधायकों के बीजेपी में चले जाने से मालवा और माझा दोनों ही राजनीतिक क्षेत्रों में समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article