IRELAND vs NAMIBIA: नामीबिया क्रिकेट टीम ने नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने विंडहोक में खेली गई सीरीज के निर्णायक मुकाबले में आयरलैंड को 5 विकेट से हराकर, किसी 'फुल मेंबर' देश के खिलाफ अपनी पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती। इस जीत के साथ ही नामीबिया ने अपने घरेलू मैदान पर 5 मैचों की वनडे सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली। इससे अगले साल होने वाले ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप की उनकी तैयारियों को बड़ा बढ़ावा मिला है; बता दें कि नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के साथ मिलकर इस विश्व कप की सह-मेजबानी करेगा।
तेज गेंदबाज जेजे स्मिथ और जैक ब्रासेल ने नामीबिया की गेंदबाजी की कमान संभाली। दोनों ने मिलकर 7 विकेट लिए, जिससे आयरलैंड की पूरी टीम महज 129 रनों पर सिमट गई। जवाब में, ओपनर लॉरेन स्टीनकैंप ने 42 रनों की अहम पारी खेलकर टीम को संभाला, जबकि कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 30 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत मेजबान टीम ने 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
इरास्मस बने 'प्लेयर ऑफ द सीरीज'
गेरहार्ड इरास्मस को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 5 मैचों में कुल 263 रन बनाए और 4 विकेट लिए। वहीं, सीरीज के निर्णायक मैच में 9 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट लेने वाले जेजे स्मिथ को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।
पूरी पारी के दौरान आयरलैंड की टीम लय हासिल करने के लिए संघर्ष करती रही। उनके केवल 4 बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच सके। नामीबिया की इस ऐतिहासिक सीरीज जीत के बीच, आयरलैंड के कप्तान लॉर्कन टकर अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी निराश दिखे।
ICC वेबसाइट के अनुसार, टकर ने कहा, "जाहिर है, यह हमारे लिए एक निराशाजनक दिन था। हम आज यहां काफी उत्साहित थे क्योंकि सीरीज दांव पर लगी थी, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हम कौशल (स्किल्स) के मामले में उस स्तर पर खेल पाए। हमने बहुत कुछ सीखा है, लेकिन आगे चलकर हमें काफी चीजों पर विचार करने की जरूरत है। नामीबिया को इसका श्रेय जाता है; उन्होंने बहुत ही अनुशासित क्रिकेट खेला और हमसे ज्यादा देर तक बेहतर खेल दिखाया - यही वजह है कि आज वे सीरीज जीतने में सफल रहे।"
ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर के लिए दोनों टीमों की स्थिति
आयरलैंड ने ICC पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में अपनी स्थिति के दम पर अगले साल होने वाले ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर में अपनी जगह पहले ही पक्की कर ली है। वहीं, नामीबिया को अपनी जगह बनाने के लिए संभवतः 'ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर प्ले-ऑफ' के जरिए क्वालीफाई करना होगा।
