West Bengal News: पश्चिम बंगाल विधानसभा परिसर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सोमवार को कैंटीन सेक्शन के एक वॉशरूम में स्टाफ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 46 वर्षीय उमेश चंद्र दास के रूप में हुई है। वह विधानसभा की कैंटीन में कैजुअल स्टाफ के तौर पर काम करते थे और पिछले करीब 15 वर्षों से वहां तैनात थे। पुलिस और प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रहे हैं।
शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले
मिली जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर को सुबह करीब 9:10 बजे उमेश चंद्र दास कैंटीन सेक्शन में बने वॉशरूम के अंदर अचेत अवस्था में पाए गए। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उमेश चंद्र दास के शरीर पर कोई चोट का निशान दिखाई नहीं दिया है। अब तक किसी संदिग्ध गतिविधि का पता नहीं चला है। वहीं, इस मामले में पुलिस को अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव की जांच और पोस्टमार्टम कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस की डीडी होमिसाइड (हत्या मामलों की जांच) टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
