क्रिकेट

मुंबई में टीम इंडिया को केएल राहुल ने जिताई हारी बाजी, आलोचक वेंकटेश प्रसाद को भी करनी पड़ी तारीफ

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 17, 2023, 11:17 PM IST

venkatesh prasad hails kl rahul: केएल राहुल ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई में खेले गए सीरीज के पहले वनडे में दबाव में ऐसी पारी खेली की उनकी कटु आलोचक बनकर उभरे वेंकटेश प्रसाद को भी तारीफ करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

Image

केएल राहुल

Photo : AP

मुंबई: खराब फॉर्म की वजह से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम दो टेस्ट के लिए भारतीय प्लेइंग-11 से केएल राहुल को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। ऐसे में रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में पारिवारिक कारणों से बाहर जाने के बाद केएल राहुल को वनडे टीम की प्लेइंग इलेवन में मुंबई में कंगारुओं के खिलाफ शामिल होने का मौका मिला। ऐसे में राहुल वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया के लिए संकटमोचक बनकर उभरे और टीम को 39.5 ओवर में 5 विकेट शेष रहते जीत की दहलीज पार करा दी। उनकी पारी को देखकर आलोचक भी उनकी सराहना करने लगे।

राहुल ने खेली शानदार पारी

केएल राहुल को बार-बार टीम में मौका दिए जाने और उनके चयन को पक्षपात पूर्ण बताने वाले टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने भी राहुल की मुंबई में खेली मैच जिताऊ पारी की जमकर तारीफ करते हुए ट्वीट किया,बेहतरीन पारी! केएल राहुल ने दबाव में शानदार पारी खेली। भारत की जीत में रवींद्र जडेजा ने भी अच्छा साथ दिया।

16/3 के स्कोर पर राहुल ने संभाला था मोर्चा

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 189 रन के विजयी लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने महज 16 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। ईशान किशन, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव पवेलियन वापस लौट चुके थे। ऐसी मुश्किल स्थिति में राहुल ने एक छोर संभाला। लेकिन जल्दी ही शुभमन गिल भी आउट हो गए। 39 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम के ऊपर हार का साया मंडराने लगा था। ऐसे में राहुल ने हार्दिक पांड्या के साथ पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय और छठे विकेट के लिए रवींद्र जडेजा के साथ शतकीय साझेदारी करके टीम इंडिया को जीत दिला दी।

76 रन बनाकर रहे नाबाद, जडेजा के साथ की शतकीय साझेदारी

केएल राहुल अंत में 91 गेंद में 76 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 73 गेंद में 5 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान राहुल ने 7 चौके और एक छक्का जड़ा। राहुल ने कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ 55 गेंद में 44 रन जोड़े। वहीं रवींद्र जडेजा के साथ 123 गेंद में नाबाद 108 रन की साझेदारी करके टीम को पांच विकेट से जीत दिलाकर सीरीज में 1-0 की बढ़त दिला दी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article