टेक एंड गैजेट्स

Apple यूजर्स को सरकार ने दी बड़ी चेतावनी, CERT-In ने कहा- अभी करें अपडेट

CERT-In ने Apple यूजर्स को CVE-2026-86950 सुरक्षा खामी को लेकर चेतावनी दी है। जानें किन iPhone, iPad और Mac यूजर्स को खतरा है और डिवाइस कैसे अपडेट करें।

Image

यूजर्स को इन अपडेटेड वर्जन पर होना चाहिए/Photo- AI

अगर आपके पास iPhone, iPad या Mac है तो अपने डिवाइस को अपडेट करने में बिल्कुल देरी न करें। भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने Apple के कई ऑपरेटिंग सिस्टम में मौजूद एक गंभीर सुरक्षा खामी को लेकर चेतावनी जारी की है। खास बात यह है कि इस खामी का इस्तेमाल पहले से ही कुछ लक्षित साइबर अटैक में किया जा रहा है।

Apple की इस खामी को लेकर क्या चेतावनी है?

CERT-In ने 1 अक्टूबर को जारी सिक्योरिटी एडवाइजरी में इस खामी को CVE-2026-86950 के तौर पर बताया है। इसके जरिए हमलावर किसी प्रभावित डिवाइस पर अपनी मनमर्जी का कोड चला सकता है। यानी अगर हमला सफल रहा तो बिना यूजर की अनुमति के डिवाइस पर खतरनाक गतिविधियां की जा सकती हैं।

यह कोई सिर्फ संभावित खतरा नहीं है। CERT-In के मुताबिक इस कमजोरी का इस्तेमाल वास्तविक और टारगेटेड साइबर अटैक में किया जा चुका है। हालांकि, अभी तक सामने आई जानकारी के अनुसार ये हमले बड़े पैमाने पर सभी Apple यूजर्स को निशाना बनाने वाले नहीं हैं, बल्कि कुछ खास लोगों को टारगेट किया गया है।

Apple ने भी मानी अटैक की बात

Apple ने भी इस सुरक्षा खामी को लेकर जानकारी दी है। कंपनी के मुताबिक उसे ऐसी रिपोर्ट्स की जानकारी है, जिनमें इस कमजोरी का इस्तेमाल चुनिंदा लोगों को निशाना बनाने वाले हमलों में किए जाने की बात सामने आई है। यह खामी एक खास तरह की तैयार की गई दुर्भावनापूर्ण फाइल को प्रोसेस करने से जुड़ी है। अगर ऐसी फाइल किसी अनअपडेटेड डिवाइस पर प्रोसेस होती है तो हमलावर उसके जरिए अपना कोड चला सकता है।

किन iPhone और iPad यूजर्स को खतरा?

CERT-In की चेतावनी उन डिवाइस पर लागू होती है जिनमें पुराने सॉफ्टवेयर वर्जन चल रहे हैं। खास तौर पर iOS 26.7.1 और iPadOS 26.7.1 से पुराने वर्जन वाले डिवाइस को अपडेट करना जरूरी है। यह अपडेट iPhone 11 और उसके बाद के मॉडल और कम्पैटिबल iPad डिवाइस के लिए उपलब्ध है। Mac यूजर्स को भी अपने सिस्टम का सॉफ्टवेयर वर्जन चेक करना चाहिए। CERT-In की चेतावनी के तहत पुराने macOS वर्जन वाले Mac भी प्रभावित हो सकते हैं।

यूजर्स को इन अपडेटेड वर्जन पर होना चाहिए:

  • macOS Tahoe 26.7.1
  • macOS Sequoia 15.8.1
अगर आपके Mac में इससे पुराना वर्जन चल रहा है तो Software Update में जाकर नया अपडेट इंस्टॉल करें।

कैसे चेक करें iPhone और iPad का अपडेट?

अपने iPhone या iPad में Settings-General-Software Update पर जाएं। यहां आपको उपलब्ध नया अपडेट दिखाई देगा। अगर अपडेट उपलब्ध है तो उसे डाउनलोड करके इंस्टॉल कर दें।

Mac को ऐसे करें अपडेट

Mac में System Settings-General-Software Update पर जाएं। यहां उपलब्ध अपडेट को डाउनलोड और इंस्टॉल किया जा सकता है।

अनजान फाइल और अटैचमेंट से रहें सावधान

सिर्फ सॉफ्टवेयर अपडेट करना ही काफी नहीं है। अनजान नंबर, ईमेल या किसी दूसरे ऑनलाइन सोर्स से आने वाली संदिग्ध फाइल या अटैचमेंट को खोलने से बचें। खास तौर पर ऐसी फाइलों से सावधान रहें जिनकी उम्मीद आपने नहीं की थी। CERT-In और Apple ने हमलों की पूरी तकनीकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन दोनों की चेतावनी से साफ है कि यह सुरक्षा खामी पहले ही टारगेटेड अटैक में इस्तेमाल की जा रही है।

अपडेट में देरी न करें

अगर आपके iPhone, iPad या Mac में पुराना सॉफ्टवेयर चल रहा है तो अपडेट को बाद के लिए टालना ठीक नहीं है। भले ही अभी तक आपको कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई न दी हो, अनपैच्ड डिवाइस में सुरक्षा खामी बनी रहती है। खास तौर पर जिन लोगों के डिवाइस में निजी, ऑफिस या वित्तीय जानकारी रहती है, उन्हें अपने Apple डिवाइस को जल्द से जल्द लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट पर ले जाना चाहिए।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article