Asian Games 65 KG Wrestling Final: एशियन गेम्स 2026 में 65 किलोग्राम भार वर्ग के कुश्ती फाइनल में भारत के पहलवान सुजीत कलकल का सामना ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुदिएव से हुआ। सुजीत ने इस मुकाबले के आखिरी 11 सेकेंड में बाजी पलटी और गोल्ड मेडल जीतकर नया इतिहास रच दिया।
पहले ही राउंड से कुदिएव भारतीय पहलवान पर हावी नजर आए, शुरुआत ही मैट से बाहर फेंकने के साथ हुई। शुरुआत में कुदिएव ने दो अंक लिए और उसके ठीक बाद दो अंक और लेकर अपनी बढ़त 4-0 कर ली। सुजीत ने इसके बाद कुदिएव के आक्रामक रुख का सामना करने का प्रयास किया लेकिन कुदिएव लगातार दांव पर दांव लगाते आए और पहले पीरियड में जब एक मिनट बाकी था तब तक वो सुजीत पर 2-5 की लीड चढ़ा चुके थे।
इसके बाद कुदिएव ने फिर सुजीत को मैट पर गिराया और उनके ऊपर फ्लिप किया जिससे 4 अंक बटोर लिए। अब कुदिएव 9-2 से आगे हो गए थे। दूसरे पीरियड में 1 मिनट 20 सेकेंड बाद सुजीत ने बढ़त को कुछ कम किया (4-9) और उसके बाद एक और टेकडाउन से 6-9 कर दिया। सुजीत ने एक और दांव लगाया और कुदिएव की बढ़त को गिराकर 8-9 पर पहुंचा दिया। आखिरी क्षणों में जब 11 सेकेंड बाकी थे तब सुजीत ने ऐसा दांव मारा कि उनके अंक 10 और कुदिएव 9 पर ही रह गए। इस तरह वो एशियन गेम्स के नए चैंपियन बन गए।
सेमीफाइनल में ओलंपिक चैंपियन को हराकर दुनिया को चौंकाया
इससे पहले, भारत के सुजीत कलकल ने शुक्रवार को एशियाई खेलों की कुश्ती प्रतियोगिता में अपने दांवपेंच का शानदार नमूना पेश करते हुए सेमीफाइनल में ओलंपिक चैंपियन कोटारो कियोका को उलटफेर का शिकार बनाकर पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक मैच में प्रवेश किया। कड़े सेमीफाइनल मुकाबले में सुजीत पहले पीरियड के अंत में 0-2 से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने दूसरे पीरियड में तीन अंक बनाए, जबकि जापानी खिलाड़ी ने एक और अंक जोड़ा। आखिर में दोनों पहलवानों का स्कोर 3-3 से बराबर था, लेकिन सुजीत को अधिक अंक हासिल करने वाला दांव लगाने के कारण विजेता घोषित किया गया।
सुजीत का एशियाड में सफर
सेमीफाइनल से पहले सुजीत ने अफगानिस्तान के सैयद उमर ज़ज़ई को 13-3 हराया और क्वार्टर फाइनल में ईरान के अब्बास इब्राहिमजादेहसवादकुही के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए बिना कोई अंक गंवाए तकनीकी श्रेष्ठता से जीत हासिल की।
सबसे पहले अफगानिस्तान के ज़ज़ई ने शुरुआत में ही सुजीत को कड़ी टक्कर दी और तुरंत दो अंक हासिल करते हुए भारतीय खिलाड़ी को पीछे धकेलकर 3-0 की बढ़त बना ली। सुजीत ने हालांकि जल्द ही पुश-आउट और शोल्डर थ्रो से मुकाबले का रुख पलट दिया और 5-3 से आगे हो गए।
सुजीत ने इसके बाद एक और थ्रो और एक रोल के साथ चार और अंक जोड़कर जीत हासिल की और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
सुजीत का क्वार्टर फाइनल मुकाबला
फिर क्वार्टर फाइनल मुकाबले सुजीत ने अब्बास के खिलाफ शुरुआती 20 सेकंड के भीतर ही अपने इरादे स्पष्ट कर दिए और खड़े-खड़े ही शोल्डर थ्रो का इस्तेमाल किया। शुरुआत में उन्हें चार अंक दिए गए, लेकिन अब्बास के खतरनाक स्थिति में न गिरने के कारण इस मूव को दो अंक में बदल दिया गया। सुजीत जल्द ही पिनफॉल हासिल करने के करीब पहुंच गए, लेकिन अब्बास किसी तरह बच निकलने में कामयाब रहे और भारतीय खिलाड़ी ने दो और अंक जोड़ लिए। जब ईरानी खिलाड़ी ने पैर से हमला करने की कोशिश की, तो सुजीत ने पलटवार करते हुए स्कोर 6-0 कर दिया। अब्बास लगातार हमला करने के लिए संघर्ष करते रहे क्योंकि भारतीय खिलाड़ी ने बार-बार हेड लॉक लगाकर उनके प्रयासों को विफल कर दिया। सुजीत ने अपने दाहिने पैर से किए गए एक और हमले को अंक में तब्दील करते हुए पहले पीरियड के अंत में 8-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। दूसरे पीरियड में भारतीय खिलाड़ी को ज्यादा समय नहीं लगा और उन्होंने एक और टेकडाउन करते हुए 10-0 से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर जीत हासिल की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।
एशियन गेम्स में खबर लिखे जाने तक भारत के मेडल
भारत ने अब तक 75 मेडल जीते हैं (15 गोल्ड, 25 सिल्वर, 35 ब्रॉन्ज), भारत इस समय पांचवें स्थान पर है।
