स्पोर्ट्स

दो गोल्ड जीतने वाली नीरू होंगी एशियन गेम्स के समापन समारोह में भारत की ध्वजवाहक

रविवार को होने वाले एशियन गेम्स समापन समारोह में भारत की ओर से दो गोल्ड जीतने वाली शूटर नीरू ध्वजवाहक होंगे। वह दो गोल्ड मेडल जीतने के बाद स्वदेश लौट गईं थीं, लेकिन अब दोबारा वह जापान के लिए रवाना हो चुकी हैं।

Image

एशियन गेम्स समापन समारोह (साभार-X)

ट्रैप निशानेबाज नीरू ढांडा रविवार को एशियाई खेलों के समापन समारोह में भारत की महिला ध्वजवाहक होंगी। नीरू ने एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक और एक टीम रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। यह 27 वर्षीय खिलाड़ी अपना तीसरा पदक जीतने के एक दिन बाद भारत लौट गई थी। अब वह समापन समारोह में भारतीय दल का नेतृत्व करने के लिए शनिवार सुबह आइची नागोया वापस जाएंगी। भारत की उपमाशन प्रमुख अंजलि भागवत ने शुक्रवार को बताया, ’’नीरू समापन समारोह में महिला ध्वजवाहक होगी। वह कल सुबह नागोया लौट रही हैं। पुरुष ध्वजवाहक के बारे में फैसला कल किया जाएगा।’’

नीरू ने महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के बाद मनीषा कीर और आशिमा अहलावत के साथ मिलकर महिलाओं की टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। इसके बाद उन्होंने काइनन चेनाई के साथ जोड़ी बनाकर ट्रैप मिश्रित टीम में स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उनके पदकों की संख्या तीन हो गई। उनके दो स्वर्ण पदक और एक रजत पदक ने उन्हें खेलों में भारत की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक बना दिया, जिससे इस निशानेबाज के लिए एक ऐतिहासिक अभियान का समापन हुआ। इससे पहले उन्होंने साल की शुरुआत में लोनाटो में आईएसएसएफ विश्व कप में भी महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।

ओपनिंग सेरेमनी में मनुभाकर को मिली थी जिम्मेदारी

20वें एशियन गेम्स के ओपनिंग सेरेमनी में भारत का ध्वज ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर ने संभाला था। मनु भाकर का साथ कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत ने दिया था। इसे संयोग ही कहा जाए कि ओपनिंग और क्लोजिंग सेरेमनी में ध्वजवाहक की जिम्मेदारी एक शूटर को दी गई है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article