IPL 2024 Facts: आईपीएल 2024 का आगाज आज (22 मार्च 2024) होने जा रहा है। टूर्नामेंट के इतिहास का ये 17वां संस्करण है। इससे पहले फैंस ने 16 आईपीएल सीजन में कई बड़े कमाल होते देखे हैं, कई दिग्गज खिलाड़ियों को इतिहास रचते देखा, लेकिन आईपीएल 2024 एक मामले में बिल्कुल खास होने वाला है। ये पहला मौका होगा जब करोड़ों फैंस जिन तीन दिग्गजों के दीवाने हैं, तीनों के सिर पर ताज नहीं होगा।
इंडियन प्रीमियर लीग 17 के शुरू होने से ठीक एक दिन पहले महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने एक ऐसा फैसला सुनाया जिसकी भनक तो सबको थी लेकिन उस फैसले ने करोड़ों को भावुक कर दिया। धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी और रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) को सीएसके का नया कप्तान बना दिया गया। इसी के साथ एक युग का अंत हुआ। धोनी अब किसी भी प्रारूप, लीग या टूर्नामेंट में कप्तान की भूमिका में नजर नहीं आएंगे।
आईपीएल में पहली बार तीनों दिग्गज कप्तान नहीं
इससे कुछ ही समय पहले की बात है जब मुंबई इंडियंस ने बड़ा कदम उठाते हुए रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को कप्तानी से हटा दिया था और गुजरात टाइटन्स (Gujarat Titans) से ट्रेड किए गए हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) को मुंबई इंडियंस का नया कप्तान बना दिया गया। वहीं विराट कोहली (Virat Kohli) रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पिछले सीजन से ही आईपीएल कप्तानी छोड़ चुके हैं। यानी आईपीएल 2024 में धोनी, रोहित और विराट, तीनों में कोई भी कप्तान नहीं होगा। आईपीएल के 16 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब इन तीनों में कोई भी कप्तानी नहीं कर रहा होगा।
चेन्नई और बेंगलुरू की भिड़ंत से आगाज
चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में एक आकर्षक ओपनिंग सेरेमनी के साथ आईपीएल 2024 का बिगुल बजेगा और चेन्नई सुपर किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच मैच के साथ सीजन का आगाज हो जाएगा। फिलहाल आईपीएल 2024 के तकरीबन दो हफ्तों का कार्यक्रम घोषित हुआ है और जल्द ही बीसीसीआई आगे के कार्यक्रम का ऐलान भी कर सकता है।
