क्रिकेट

IND vs AFG: 19 मई को चुनी जाएगी टीम इंडिया, इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और 3 मैच की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान मंगलवार को होगा। इसमें जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट और रोहित शर्मा के फिटनेस पर चर्चा होगी।

Image

अफगानिस्ता सीरीज के लिए टीम इंडिया (साभार-ICC)

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाली एकमात्र टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए मंगलवार को टीम इंडिया का चुनाव किया जाएगा। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड और मानसिक दबाव को नियंत्रित करने होगी। इसके अलावा रोहित शर्मा की मैच फिटनेस पर विशेष चर्चा होगी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाना है, जबकि एक सप्ताह से भी कम समय के अंतराल पर 6 जून से मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) में अफगानिस्तान दौरे का एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। वनडे मैच धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में क्रमशः 14, 17 और 20 जून को खेले जाएंगे।

बुमराह को एक फॉर्मेट में आराम

इस बात की संभावना कम है कि बुमराह को दोनों प्रारूपों के लिए चुना जाएगा, क्योंकि वनडे में उन्हें तुरंत खिलाने की कोई जल्दबाजी नहीं है। 50 ओवर का विश्व कप अभी काफी दूर है (अक्टूबर-नवंबर 2027)। वहीं, रोहित शर्मा की फिटनेस भी चिंता का विषय बनी हुई है। आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह मुंबई इंडियंस के कई मुकाबलों से बाहर रहे थे। पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में भी उन्होंने केवल ’इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में बल्लेबाजी की थी। ऐसे में चयनकर्ता उन्हें तभी टीम में शामिल करेंगे, जब वह पूरी तरह फिट होंगे।

एक्शन में विराट कोहली

दूसरी ओर, विराट कोहली ने आईपीएल में शानदार फॉर्म दिखाकर अपनी उपयोगिता फिर साबित की है। रोहित की तरह अब केवल एक प्रारूप खेलने वाले कोहली के अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों वनडे मैचों में खेलने की पूरी संभावना है। सबसे अधिक महत्व एकमात्र टेस्ट मुकाबले को दिया जा रहा है, क्योंकि हाल के समय में भारतीय टीम पारंपरिक प्रारूप में, खासकर घरेलू परिस्थितियों में, संघर्ष करती नजर आई है। बल्लेबाजों की स्पिन-अनुकूल पिचों पर कमजोरियां लगातार सामने आई हैं।

पिछले वर्ष नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में यह समस्या खुलकर उजागर हुई थी। चेतेश्वर पुजारा के बाद टेस्ट टीम में नंबर तीन बल्लेबाजी क्रम अब तक स्थिर नहीं हो पाया है। साई सुदर्शन को अवसर मिले, लेकिन वह अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। अब उम्मीद जताई जा रही है कि देवदत्त पडिक्कल को घरेलू सत्र की शुरुआत से लगातार मौके दिए जाएंगे।

आकिब नबी को मिल सकता है मौका

जम्मू-कश्मीर को ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने वाले आकिब नबी भी चयनकर्ताओं की चर्चा का हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे सत्र में 60 विकेट हासिल किए थे। आईपीएल में अपनी तेज रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले प्रिंस यादव को वनडे श्रृंखला में आजमाया जा सकता है। बुमराह अगर टीम का हिस्सा नहीं होते हैं, तो मोहम्मद सिराज आक्रमण की अगुवाई करते नजर आ सकते हैं। प्रसिद्ध कृष्णा के भी टीम में शामिल होने की संभावना है।

हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या भी पीठ में ऐंठन की समस्या से जूझ रहे हैं। आईपीएल के दौरान उनकी फिटनेस लगातार चिंता का कारण बनी रही है। ऐसे में वनडे श्रृंखला के लिए उनकी उपलब्धता पर अभी संशय बना हुआ है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article