कैमरन ग्रीन की गेंदबाजी का मुद्दा थमने का नाम नहीं ले रहा है। 25.20 करोड़ में बिके ग्रीन को कोलकाता की टीम ने आंद्रे रसेल के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया था, लेकिन अब तक खेले गए दो मैच में उन्होंने गेंदबाजी नहीं की। इतना ही नहीं बल्लेबाजी में भी वह कुछ खास नहीं कर पाए। पहले मैच के बाद अजिंक्य रहाणे ने यह कहकर सवाल उठाए थे कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के कारण ग्रीन गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं।
अब इस पर द ग्रेट सुनील गावस्कर की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि अगर वह गेंदबाजी नहीं करते हैं तो केकेआर को उन्हें रिप्लेस करने पर सोचना चाहिए।
महान खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने शुक्रवार को कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) से एक और विशेषज्ञ बल्लेबाज को लाने पर विचार करने की बात कही क्योंकि ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन की सीमित भूमिका ने इस आईपीएल में उनकी टीम का संतुलन बिगाड़ दिया है। ग्रीन वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण केकेआर के पहले दो मैच में गेंदबाजी नहीं कर पाए। यह बात टीम प्रबंधन को पसंद नहीं आई।
गावस्कर ने ’स्टार स्पोर्ट्स’ से कहा, ’’अगर कैमरन ग्रीन गेंदबाजी नहीं करने वाले हैं तो केकेआर को अपने संयोजन के बारे में सोचना होगा। अगर वह गेंद से योगदान नहीं दे रहे हैं तो उन्हें किसी दूसरे विशेषज्ञ बल्लेबाज को लाने पर विचार करना पड़ सकता है। ’’ मुंबई इंडियंस से हार से अपने अभियान की शुरुआत करने के बाद केकेआर को बृहस्पतिवार को सनराजइर्स हैदराबाद से 65 रन से एक और हार का सामना करना पड़ा।
गावस्कर ने कहा, ’’हम जानते हैं कि उसने आईपीएल में शतक जड़ा है। वह अच्छी बल्लेबाजी कर सकता है लेकिन हाल में उसकी फॉर्म अच्छी नहीं रही है। उसने कुछ समय पहले ऑस्ट्रेलिया में लाल गेंद के क्रिकेट में शतक लगाया था। लेकिन टीम को नंबर पर ध्यान देने की जरूरत है। ’’
उन्होंने कहा, ’’चौथे नंबर पर ग्रीन ठीक है। लेकिन बड़ी चिंता पांचवें और छठे स्थान की है जहां वह थोड़ा जूझते नजर आते हैं। ’’ गावस्कर ने सनराइजर्स हैदराबाद के ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के गेंद से बेहतर प्रदर्शन पर कहा, ’’निश्चित रूप से वह अब पहले से तेज गेंदबाजी कर रहा है। उसके एक्शन में बेहतर लय भी देख सकते हैं। जब खिलाड़ी पूरी तरह फिट और शारीरिक रूप से मजबूत होता है, ऐसा तभी होता है। ’’
