शहर

बांकीपुर उपचुनाव में PK का बीजेपी पर आरोप, बोले- 'वोटरों को धमकाने के लिए किया जा रहा जीविका दीदियों का इस्तेमाल'

Bankipur Bypoll 2026: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी पर 'जीविका दीदियों' का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। PK ने चुनाव आयोग को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए धरने की चेतावनी दी।

Image

चुनाव आयोग को PK का 24 घंटे का अल्टीमेटम (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Bihar Politics: बिहार की हाई-प्रोफाइल सीट बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान से ठीक पहले सियासी पारा चढ़ गया है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी वोटरों को लामबंद करने और धमकाने के लिए सरकारी सहायता प्राप्त 'जीविका दीदियों' का अनुचित इस्तेमाल कर रही है।

पीके ने इस मुद्दे पर चुनाव आयोग को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आयोग इस मामले में सख्त कदम नहीं उठाता, तो वह अपनी पार्टी के नेताओं के साथ सोमवार से पटना स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।

"योजनाओं का लाभ बंद करने की दी जा रही धमकी"

पटना में पत्रकारों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने बताया कि पटना जिला प्रशासन ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर पोस्ट किया था कि जीविका दीदियां मतदान के प्रति जागरूकता फैला रही हैं। हालांकि, पीके ने आरोप लगाया कि असलियत में अर्द्ध-सरकारी कर्मियों की तरह काम करने वाली ये महिलाएं लोगों को बीजेपी के पक्ष में वोट देने के लिए दबाव बना रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, "सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जीविका दीदियों के जरिए धमकाया जा रहा है। उनसे कहा जा रहा है कि यदि उन्होंने भाजपा को वोट नहीं दिया, तो उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना बंद हो जाएगा।" किशोर ने कहा, "यह असंवैधानिक और अवैध है। भाजपा को इसे तुरंत बंद करना चाहिए और चुनाव आयोग को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए।"

'बीजेपी के गढ़' बांकीपुर में कड़ा मुकाबला

उल्लेखनीय है कि बांकीपुर विधानसभा सीट लगातार पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन के सीट खाली करने के बाद खाली हुई है, जिसे बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है। जन सुराज पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग के प्रेक्षक से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।

बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "बांकीपुर की जनता इस बार बदलाव चाहती है। बीजेपी के लोग पहले शेखी बघारते थे कि वे किसी कुत्ते या बिल्ली को भी खड़ा कर दें तो बांकीपुर से जीत जाएंगे। जनता इस बार उनके इसी अहंकार की सजा देने का मन बना चुकी है और 30 जुलाई को बीजेपी को करारी शिकस्त मिलेगी।"बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती और नतीजों की घोषणा 3 अगस्त को की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article