कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने रविवार को कहा कि उन्होंने राज्य में सूखे की स्थिति और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए कर्नाटक के सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों की 27 जुलाई को दिल्ली में बैठक बुलाई है। शिवकुमार ने साथ ही कहा कि राज्य विधानमंडल का मानसून सत्र 13 अगस्त से शुरू होगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों को भी श्रद्धांजलि दी और उन्हें "राष्ट्र की जीवनरेखा" बताया।
सूखे के मुद्दे पर दिल्ली में होगी अहम बैठक
शिवकुमार ने कहा, "मैंने कर्नाटक के सांसदों की कल (दिल्ली में) बैठक बुलाई है। हमें उन्हें सूखे की स्थिति से अवगत कराना है और उनसे सहयोग का अनुरोध करना है। हमें अपने बांधों की स्थिति, अन्य मुद्दों और लंबित परियोजनाओं की ओर भी उनका ध्यान आकर्षित करना है।" उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सांसदों की बैठक इसलिए बुलाई गई है, ताकि संसद के जारी सत्र के दौरान राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सके।
केंद्रीय मंत्रियों को भी दिया बैठक का न्योता
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों से भी बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी प्रह्लाद जोशी और वी. सोमन्ना से बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा, "मेरी एच. डी. कुमारस्वामी और शोभा करंदलाजे से अभी बात नहीं हो पाई है। मैं उनसे भी बैठक में शामिल होने का अनुरोध करूंगा।"
13 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र
शिवकुमार ने बताया कि कर्नाटक विधानसभा का मानसून सत्र 13 अगस्त से शुरू होगा। उन्होंने कहा, "13 और 14 अगस्त के बाद स्वतंत्रता दिवस का अवकाश रहेगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही करीब 10 दिनों तक चलेगी।" उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला विधानसभा सत्र होगा।
