स्पोर्ट्स

World Squash Junior Championships: 18 साल की अनाहत सिंह ने रचा इतिहास, जीता वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश का खिताब; मिस्र का दबदबा खत्म

भारत की अनाहत सिंह ने शनिवार को कनाडा के नियाग्रा-ऑन-द-लेक में वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर चैंपियनशिप 2026 के गर्ल्स सिंगल्स फाइनल में मिस्र की रुकैया सलेम को हराकर इतिहास रच दिया। टॉप सीड अनाहत ने दूसरी सीड सलेम को 3-0 (11-3, 11-7, 11-9) से हराकर टाइटल जीता और टूर्नामेंट में मिस्र के लंबे दबदबे को खत्म किया। 18 साल की अनाहत की यह जीत जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का अब तक का सबसे अच्छा नतीजा है।

Image

अनाहत सिंह ने जीता खिताब। फोटो- SRFI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत की अनाहत सिंह ने शनिवार को कनाडा के नियाग्रा-ऑन-द-लेक में वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर चैंपियनशिप 2026 के गर्ल्स सिंगल्स फाइनल में मिस्र की रुकैया सलेम को हराकर इतिहास रच दिया। वह भारत की पहली वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियन बनीं। अनाहत ने मिस्र के 13 साल के दबदबे को खत्म किया।

टॉप सीड अनाहत ने दूसरी सीड सलेम को 3-0 (11-3, 11-7, 11-9) से हराकर टाइटल जीता और टूर्नामेंट में मिस्र के लंबे दबदबे को खत्म किया। 18 साल की अनाहत की यह जीत जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का अब तक का सबसे अच्छा नतीजा है। उन्होंने जोशना चिनप्पा से एक कदम आगे बढ़कर यह उपलब्धि हासिल की, जो 2005 में रनर-अप रही थीं। पूरे टूर्नामेंट में अनाहत का दबदबा रहा। टाइटल जीतने के सफर में उन्होंने छह मैचों में सिर्फ दो सेट गंवाए और अपने शुरुआती तीन मैच बिना कोई गेम हारे जीते।

ऐसा रहा अनाहत का सफर

सीनियर PSA टूर पर दुनिया की 20वें नंबर की खिलाड़ी अनाहत ने ऑस्ट्रेलिया की लिली विल्सन पर 3-0 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए हांगकांग चीन की पुई यिन क्लोई लो और मलेशिया की डॉयस ये सैन ली को हराया। इसके बाद, अनाहत ने लगातार तीन मिस्र की खिलाड़ियों को हराया। उन्होंने क्वार्टर फ़ाइनल में हबीबा रिजक को 3-1 (11-7, 11-5, 6-11, 11-9) से हराया। फिर सेमीफाइनल में बार्ब सामेह को 3-1 (11-3, 8-11, 11-4, 11-6) से मात दी और अंत में फाइनल में सलेम को हराया।

मिस्र के 13 साल का दबदबा खत्म

उनकी इस जीत से गर्ल्स सिंगल्स इवेंट में मिस्र का दबदबा भी खत्म हो गया। 2011 से लगातार 13 बार मिस्र के खिलाड़ियों ने यह खिताब जीता था। अनाहत 2010 में अमांडा सोभी के बाद वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप का गर्ल्स सिंगल्स खिताब जीतने वाली पहली गैर-मिस्र खिलाड़ी भी बनीं। पिछले साल, काहिरा में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अनाहत ने जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में व्यक्तिगत मेडल के लिए भारत के 15 साल के इंतजार को खत्म किया था। इस साल, वह भारत की पहली जूनियर वर्ल्ड चैंपियन बनकर एक कदम और आगे बढ़ गईं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article