जोहान्सबर्ग: अयोध्या में नए मंदिर में रामलला की प्राणप्रतिष्ठा समारोह की धूम पूरी दुनिया में मची हुई है। ऐसा लग रहा है कि कण-कण में राम नाम व्याप्त हो गया है। रामभक्त इस पल के साक्षी होने से फूले नहीं समा रहे हैं और एक दूसरे को बधाईयां दे रहे हैं। ये सिलसिला केवल भारत में ही नहीं बल्कि सात समंदर पार विदेशों में रह रहे भारतीय हिंदुओं के बीच भी चल रहा है।
हर जगह शांति, सद्भावना और आध्यात्मिकता बनी रहे
ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के राम भक्त क्रिकेटर केशव महाराज ने भी दक्षिण अफ्रीका में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों को इस मौके पर शुभकामनाएं और बधाई दी हैं। केशव महाराज ने वीडियो संदेश जारी करके कहा, आप सभी को नमस्कार, मैं दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों को अयोध्या में राम मंदिर में हो रहे पावन कार्य की शुभकामनाएं देता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि हर जगह शांति, सद्भावना और अध्यात्मिकता बनी रहे। जय श्री राम!
श्रीराम के भक्त हैं केशव महाराज
केशव महाराज भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर हैं। वो हिंदू धर्म से ताल्लुक रखते हैं भगवान राम के भक्त हैं। जब भी मैदान पर बल्लेबाजी करने आते हैं उनके बल्ले पर ऊँ लिखा होता है और बैकग्राउंड में राम सिया राम सिया राम जय जय राम चलता है। भारत के खिलाफ हालिया सीरीज के दौरान जब केशव महाराज बल्लेबाजी करने आए तब विकेटकीपिंग कर रहे केएस राहुल ने उनसे पूछा कि क्या आप जब बल्लेबाजी करने आते हैं तो ये लोग हर बार यही गाना बजाते हैं तो इसका जवाब महाराज ने हां में दिया था।
