शहर

Khandwa News : नर्मदा के बीच अचानक धधक उठी आग, नाव में सवार थे 6 यात्री; बाल-बाल बची जान

मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर के पास बह रही नर्मदा नदी में एक नाव आग का गोला बनते-बनते बच गई। हालांकि, तुरंत नाविक ने यात्रियों को दूसरी नाव में शिफ्ट कराया।

Image

ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी के बीच एक नाव के इंजन में लगी आग

खंडवा : तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार सुबह नर्मदा नदी के बीच एक नाव के इंजन में चलते-चलते आग लग गई। गोमुख घाट के सामने हुई इस घटना के बाद नाव में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, नाविक की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

जानकारी के मुताबिक, नाव नर्मदा नदी में यात्रियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान करीब 11 बजे नाव के इंजन से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। तुरंत नाविक ने यात्रियों को दूसरी नाव में शिफ्ट कराया। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बताया गया है कि नाव में होंडा कंपनी का पेट्रोल इंजन लगा हुआ था। आग लगने के बाद मामले की जानकारी नगर परिषद के अधिकारियों को दी गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद सीएमओ मोनिका पारधी ने नाव के इंजन को जब्त कर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। नगर परिषद के आरआई जितेंद्र गोहे को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच में इंजन में आग लगने की वजह और नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति देखी जाएगी।

ओंकारेश्वर में नावों में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ब्रह्मपुरी घाट सहित अन्य स्थानों पर भी नावों के इंजन में आग लगने की घटनाएं हुई हैं। ऐसे में ताजा घटना के बाद नाव संचालन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। नर्मदा में रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक नावों से आवाजाही करते हैं, इसलिए इंजन और ईंधन की सुरक्षा के साथ यात्रियों के लिए आपातकालीन इंतजामों की नियमित जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article