क्रिकेट

भारतीय टीम ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, टी20 में 11वीं बार 100 से ज्यादा रनों से जीत

Asian Games 2026: यह T20I क्रिकेट में भारत की 100 या उससे अधिक रनों से 11वीं जीत है। 124 रनों की यह जीत किसी भी मेंस T20I टूर्नामेंट के सेमीफाइनल या फाइनल में सबसे बड़े अंतर की जीत है।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो साभार- BCCI)

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रनों से रौंदकर फाइनल में एंट्री कर ली। जहां भारतीय टीम अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल मुकाबले के लिए भिड़ेगी। सेमीफाइनल मैच जीतकर भारतीय टीम ने कई विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। जापान के निशिन स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत मुश्किल पिच पर लड़खड़ाता नजर आ रहा था, लेकिन ईशान किशन की 46 गेंद में नाबाद 80 रनों की पारी ने टीम को 169/7 तक पहुंचा दिया। किशन के अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंद में 38 रन बनाए।

भारतीय क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास

भारत से मिले 170 रनों के टारगेट के सामने श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और सिर्फ 45 रन पर ऑल आउट हो गई। श्रीलंका के लिए सिर्फ नुवानिदु फर्नांडो (15) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। वहीं 5 बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल पाए। भारत के लिए अक्षर पटेल ने सबसे अधिक तीन विकेट, जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट और अभिषेक शर्मा ने दो विकेट लेकर घातक गेंदबाजी की।

100 से ज्यादा रनों से जीत का वर्ल्ड रिकॉर्ड

गौरतलब है कि 100 से ज्यादा रनों से सबसे ज्यादा जीत का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड है। यह T20I क्रिकेट में भारत की 100 या उससे अधिक रनों से 11वीं जीत है। 124 रनों की यह जीत किसी भी मेंस T20I टूर्नामेंट के सेमीफाइनल या फाइनल में सबसे बड़े अंतर की जीत है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी भारत के नाम था, जब टीम ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया था।

श्रीलंका ने बनाए शर्मनाक रिकॉर्ड

श्रीलंका की पारी में 5 बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए, जो एक पारी में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा डक का रिकॉर्ड है। सबसे ज्यादा 6 डक का रिकॉर्ड 2010 में वेस्टइंडीज के खिलाफ जिम्बाब्वे के नाम है। यह श्रीलंका की T20I इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार है। श्रीलंका का 45 रन का स्कोर टेस्ट खेलने वाले देशों में T20I में सबसे कम ऑल-आउट स्कोर की बराबरी है। इससे पहले 2019 में वेस्टइंडीज भी इंग्लैंड के खिलाफ 45 रन पर ऑल आउट हुई थी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article