टीम इंडिया के पूर्व कप्तान, पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष और इन दिनों कमेंट्री में व्यस्त सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जब ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 209 रनों से करारी शिकस्त दी तो गांगुली ने कई मुद्दों पर आवाज उठाई, और कुछ तीखे सवाल तो सीधे टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ से भी पूछ डाले। अब दादा ने एक मौजूदा भारतीय क्रिकेटर को आवाज लगाई है कि वो वापस सफेद जर्सी में लौटे और देश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेले।
दादा यहां जिस 29 वर्षीय खिलाड़ी की बात कर रहे हैं, वो और कोई नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के सर्वश्रेष्ठ फास्ट-बॉलिंद ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) हैं। सौरव गांगुली को लगता है कि हार्दिक पांड्या का टेस्ट टीम में होना जरूरी है।
सौरल गांगुली ने 'इंडिया टुडे' से बातचीत के दौरान कहा, "सिर्फ एक हार मिलने से हमें नकारात्मक नहीं होना चाहिए। भारत के पास हमेशा प्रतिभा रहेगी। भारत के पास तमाम रिजर्व खिलाड़ी मौजूद हैं। जब आप कुछ खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखते हैं। जब आप टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं तो मैं आईपीएल प्रदर्शन को तवज्जो नहीं देता। घरेलू क्रिकेट में कई शानदार खिलाड़ी हैं, और आपको उनके बारे में तभी पता चलेगा जब आप उनको मौके देंगे। चाहे वो जायसवाल या पाटीदार हो, बंगाल के अभिमन्यु इश्वरण काफी रन बना रहे हैं। शुभमन गिल युवा हैं। रुतुराज गायकवाड़ भी युवा हैं। और मुझे लगता है कि हार्दिक पांड्या सुन रहा होगा। मैं उसको टेस्ट क्रिकेट खेलते देखना चाहता हूं, खासतौर पर ऐसे हालातों में।"
हार्दिक पांड्या ने भारत के लिए कुल 11 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 532 रन बनाए हैं और 17 विकेट हासिल किए हैं। उनके नाम 5 विकेट हॉल भी दर्ज हैं जो इंग्लैंड के खिलाफ 2018 में आए थे। लेकिन उसके बाद से वो टेस्ट क्रिकेट से दूर है।
पांड्या से आईपीएल 2023 के दौरान पूछा भी गया था कि वो WTC FINAL की भारतीय टीम में अपनी जगह देखते हैं, तो उन्होंने सीधे मना कर दिया था। उनका कहना था कि उन्होंने 2018 से कोई प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच नहीं खेला है।
