स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 मैच हो और सामने वेस्टइंडीज की टीम तो कोई भी स्कोर छोटा लगने लगाता है। टी20 क्रिकेट की सबसे खतरनाक टीमों में से एक कैरेबियाई टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि फटाफट क्रिकेट में उनका हाथ क्यों कोई नहीं पकड़ सकता। भारत के खिलाफ पांच टी20 मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले में रिकॉर्ड रनचेज कर बता दिया कि उनका दिन है तो कोई भी स्कोर उनके सामने छोटा हो जाता है।
शुक्रवार को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में रनों की बारिश हुई। मैच में कुल 501 रन बने और 79 बाउंड्री लगी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बोर्ड पर लगाए तो लगा कि भारत इस मुकाबले को जीत जाएगा। 5 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद वेस्टइंडीज की टीम दबाव में थी। 58 के स्कोर पर उन्होंने अपना तीसरा विकेट गंवा दिया। लेकिन यहां से वेस्टइंडीज ने तूफानी बल्लेबाजी शुरू की।
दूसरा सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड
कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड ने 54 गेंद पर 120 रन की साझेदारी की। इसके बाद होप और रोमारियो शेफर्ड ने 26 गेंद पर 74 रन जोड़े। मैच में कुल 501 रन बने। यह टी20 क्रिकेट में दूसरा सबसे ज्यादा कुल रनों का रिकॉर्ड रहा। इससे पहले साल 2009 में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच 517 रन बने थे।
मेंस के T20I में सबसे ज्यादा कुल रन (मैच-एग्रीगेट)
517 - दक्षिण अफ़्रीका बनाम वेस्टइंडीज, सेंचुरियन, 2009
501 - भारत बनाम वेस्टइंडीज, रांची, 2026
499 - भारत बनाम इंग्लैंड, मुंबई WC, T20 WC 2026 सेमीफाइनल
496 - भारत बनाम न्यूजीलैंड, तिरुवनंतपुरम, 2026
489 - वेस्टइंडीज बनाम भारत, लॉडरहिल, 2016
बाउंड्री की हुई बारिश
मैच के दौरान दर्शकों को खूब छक्के-चौके देखने को मिले। भारतीय पारी के दौरान 25 चौके और 13 छक्के लगे। वहीं, वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने मिलकर 21 चौके और 20 छक्के लगाए। मैच में कुल 46 चौके और 33 छक्के लगे। यह एक टी20 मैच में तीसरा सबसे ज्यादा बाउंड्री वाला मैच रहा।
T20I के एक मैच में सबसे ज्यादा बाउंड्री
81 - साउथ अफ़्रीका बनाम वेस्टइंडीज़, सेंचुरियन, 2023 (4s/6s: 46/35)
80 - जिब्राल्टर बनाम बुल्गारिया, सोफिया, 2025 (4s/6s: 39/41)
79 - भारत बनाम वेस्टइंडीज, रांची, 2026 (4s/6s: 46/33)
73 - भारत बनाम इंग्लैंड, मुंबई WS, 2026 (4s/6s: 39/34)
72 - भारत बनाम न्यूजीलैंड, तिरुवनंतपुरम, 2026 (4s/6s: 36/36)
कल खेला जाएगा तीसरा मैच
वेस्टइंडीज की जीत के साथ ही पांच मैच की टी20 सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर आ गई है। पहला मुकाबला भारत ने जीता था। सीरीज का तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां दोनों टीमें सीरीज में बढ़त लेने के इरादे से उतरेंगी।
