क्रिकेट

रांची में रनों की बारिश के बाद गौतम गंभीर का फिर छलका दर्द, गेंदबाज और पिच को लेकर दिया बड़ा बयान

वेस्टइंडीज के खिलाफ हाई-स्कोरिंग दूसरे T20I मैच के बाद भारत के हेड कोच गौतम गंभीर ने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में बल्ले और गेंद के बीच बराबरी के मुकाबले की अपनी मांग फिर से दोहराई। उन्होंने बैटिंग के लिए आसान पिचों का गेंदबाजों के करियर पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंता जताई।

Image

गौतम गंभीर ने पिच लेकर फिर दिया बड़ा बयान। फोटो- स्क्रीन ग्रैब

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अभी 10 दिन पहले, 30 सितंबर को गुवाहाटी में भारतीय टीम को सिर्फ 43.3 ओवर में 406 रन का शानदार लक्ष्य हासिल करते देखा था। उस दिन 93.3 ओवर में कुल 811 रन बने थे। अब, 9 अक्टूबर को रांची में एक और रनों की बारिश वाला मैच देखने को मिला। सिर्फ 38.3 ओवर में कुल 501 रन बने। वेस्टइंडीज ने आसानी से 250 रन का लक्ष्य हासिल किया और T20I क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा रन चेज का रिकॉर्ड बनाया।

दोनों टीमों के लगभग सभी बॉलर्स ने 10 से ज्यादा के इकॉनमी रेट से रन दिए। हालांकि, ओस और फ्लैट पिच को एक फैक्टर माना जा सकता है, लेकिन कॉम्पिटिटिव विकेट का सवाल एक बार फिर सामने आया। गौतम गंभीर ने गुवाहाटी वनडे मैच के बाद बराबरी के मुकाबले की बात कही थी। क्रिकइन्फो के अनुसार, अब एक बार उन्होंने कहा कि यह क्रिकेट नहीं है। यह सिर्फ बल्लेबाजी है। रांची में रनों की बारिश वाले मैच के बाद हेड कोच गंभीर ने बराबरी के मुकाबले की मांग की।

'आप जो देखना चाहते हैं, वही हम भी चाहते हैं'

रांची में मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कहा, क्या आप बल्ले और गेंद के बीच अच्छा मुकाबला नहीं चाहते? आप जो देखना चाहते हैं, वही हम भी देखना चाहते हैं। अगर आप छक्के-चौके देखना चाहते हैं तो हम भी वही चाहते हैं। अगर आप बेहतर क्रिकेट देखना चाहते हैं तो हम भी बराबरी का मुकाबला देखना चाहते हैं। ये गेंदबाज हमारे हैं, कोई पराए तो नहीं हैं। इनका करियर दांव पर है, इन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। अगर मुकाबला बराबरी का होगा, तो हम क्रिकेट का बेहतर खेल देख पाएंगे।

'ऐसी पिच पर गेंदबाजी करना मुश्किल'

भारतीय हेड कोच ने कहा, आप किसी भी हार को नजरअंदाज नहीं कर सकते। अगर आप लगातार सुधार करना चाहते हैं, तो आप किसी भी बात को छिपाना नहीं चाहेंगे। हम वर्ल्ड-चैंपियन टीम हैं, इसलिए हम लगातार बेहतर होते रहना चाहते हैं। जाहिर है, ऐसी पिच और मैदान पर गेंदबाजी करना मुश्किल होता है जो सपाट हो और ओस पड़ रही हो, लेकिन हमें इसका कोई न कोई तरीका निकालना होगा। खासकर तब, जब विरोधी टीम ने पहले ही ओवर में दो विकेट और पावरप्ले में तीन विकेट गंवा दिए हों।

वेस्टइंडीज को दिया श्रेय

गंभीर ने आगे कहा, लेकिन वेस्टइंडीज को भी श्रेय देना होगा। शाई होप और शेरफेन ने जिस तरह से बल्लेबाजी की... हम जानते हैं कि वे इस फॉर्मेट के वर्ल्ड-क्लास बल्लेबाज हैं। हमारे लिए यह मुश्किल था, लेकिन हम सुधार करते रहेंगे।

भारत ने गेंदबाजी में शानदार शुरुआत की और वेस्टइंडीज का स्कोर पहले ओवर में 5/2 और पावरप्ले के अंदर 58/3 कर दिया। हालांकि, शाई होप की 45 गेंद पर नाबाद 102 रन और शेरफेन रदरफोर्ड की 37 गेंद पर 84 रनों की पारी ने मैच का पासा पलट दिया, जिससे मेहमान टीम ने T20 इंटरनेशनल में अपने सबसे बड़े सफल रन-चेज को अंजाम दिया।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article