क्रिकेट

Sourav Ganguly Head Coach: मैदान पर फिर दिखेगी दादागिरी, इस टीम के हेड कोच बने सौरव गांगुली

सौरव गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी एसए20 टीम प्रिटोरिया कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। यह बतौर हेड कोच सौरव गांगुली का किसी भी टीम के साथ पहला असाइनमेंट होगा।

Image

सौरव गांगुली(फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

सेंचुरियन: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को रविवार को 2026 सत्र से पहले एसए20 टीम प्रिटोरिया कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया। यह किसी टीम का मुख्य कोच बनने का उनका पहला कार्यकाल होगा। बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष गांगुली इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे जिनके पद छोड़ने की घोषणा शनिवार को की गई थी। सेंचुरियन स्थित फ्रेंचाइजी ने इंस्टाग्राम पर लिखा,'हमें सौरव गांगुली को अपना नया मुख्य कोच घोषित करते हुए बेहद खुशी हो रही है।'

पहली बार हेड कोच की भूमिका में नजर आएंगे सौरव गांगुली

यह पहली बार होगा जब गांगुली किसी क्रिकेट टीम के मुख्य कोच होंगे। 2018 और 2019 के बीच गांगुली आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के टीम निदेशक थे। बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने यह पद छोड़ दिया था। प्रिटोरिया कैपिटल्स का स्वामित्व जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के पास है जो दिल्ली कैपिटल्स का सह-मालिक है। गांगुली को पिछले साल जेएसडब्ल्यू का क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया गया था।

जॉनथन ट्रॉट की दादा लेंगे जगह

ट्रॉट को एसए20 के 2025 सत्र से पहले मुख्य कोच नियुक्त किया गया था लेकिन फ्रेंचाइजी 10 ग्रुप मैचों में से केवल दो जीत के साथ नॉक-आउट में पहुंचने में विफल रही और छह टीमों की टी20 लीग तालिका में पांचवें स्थान पर रही।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article