क्रिकेट

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर फिर नहीं चला शुभमन गिल का बल्ला, शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने में हुए नाकाम

टीम इंडिया के प्रिंस कहे जाने वाले शुभमन गिल सिडनी टेस्ट की पहली पारी में अच्छी शुरुआत के बाद बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

Image

शुभमन गिल सिडनी टेस्ट में आउट होकर पवेलियन लौटते हुए

Photo : AP

भारतीय क्रिकेट का भविष्य का सितारा माने जाने वाले युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट की पहली पारी में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। पिच पर पैर जमाने के बाद पहले दिन के पहले सत्र की आखिरी गेंद पर गिल नाथन लॉयन की राउंड द विकेट से फेंकी गेंद पर गच्चा खाकर स्लिप में स्टीव स्मिथ के हाथों लपके गए। गिल ने अपनी पारी के दौरान 64 गेंद का सामना किया और 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारतीय टीम ने आठवें ओवर में 17 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद गिल और विराट कोहली ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 40 (106) रन की साझेदारी की। लेकिन लंच से ठीक पहले गिल अपना धैर्य खो बैठे और कैच देकर पवेलियन वापस लौट गए।

रोहित की जगह मिली है सिडनी में प्लेइंग-11 में जगह

शुभमन गिल के कंधों पर शुक्रवार को बड़ी जिम्मेदारी थी। उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल करने के लिए रोहित शर्मा ने खुद को आराम देने का फैसला किया और मैच में नहीं खेले। ऐसे में गिल अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। ये सिलसिला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पूरी सीरीज में चला है। गिल ने एडिलेड में खेले गए डे नाइट टेस्ट में 31(51) और 28(30) रन बनाने के बाद अपना विकेट गंवा दिया था। इसके बाद ब्रिस्बेन में गिल 1 रन बना सके। मेलबर्न में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन सिडनी टेस्ट के लिए टीम में वापसी हुई लेकिन उन्होंने अपनी गलती में सुधार नहीं किया।

साल 2024 रहा था शानदार

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शुभमन गिल अबतक खेले तीन टेस्ट की 4 पारियों में 80 रन 20 के औसत से बना सके। 31(51) उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। ये पारी उन्होंने एडिलेड में पिंक बॉल टेस्ट में खेली थी। शुभमन गिल के लिए साल 2024 बतौर टेस्ट प्लेयर शानदार रहा था। पिछले साल गिल ने 12 टेस्ट की 22 पारियों में 43.30 के औसत से 866 रन बनाए थे। जिसमें 3 शतक और 3 अर्धशतक शामिल थे। 119* रन गिल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article