बिजनेस

'सोशल मीडिया एडिक्शन केस में फंसा Meta, राज्यों को देने होंगे 17 अरब डॉलर, टीनएजर्स की लत पर ऐतिहासिक फैसला'

Meta Settlement: अमेरिका के कैलिफोर्निया, कोलोराडो, केंटकी और न्यू जर्सी समेत 29 राज्यों ने 2023 में इस सोशल मीडिया कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया था।

Image

AI Image (प्रतीकात्मक)

Meta Settlement: कंपनी 'मेटा' (Meta) ने किशोरों में सोशल मीडिया की लत से जुड़े एक ऐतिहासिक मुकदमे को समाप्त करने और 47 राज्यों द्वारा दायर दावों के निपटारा के लिए 17 अरब अमेरिकी डॉलर का भुगतान करने तथा अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम मंचों पर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े उपाय बढ़ाने पर सहमति जताई है। राज्यों के महाधिवक्ताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अमेरिका के कैलिफोर्निया, कोलोराडो, केंटकी और न्यू जर्सी समेत 29 राज्यों ने 2023 में इस सोशल मीडिया कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। हालांकि, इस समझौते से मुकदमे की सुनवाई बीच में ही समाप्त हो जाएगी। सुनवाई के दौरान कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग के कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में जूरी के सामने गवाही देने की उम्मीद थी।

अकेले वर्जीनिया में यह समझौता 35.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर का

महाधिवक्ता जे. जोन्स ने एक बयान में कहा कि अकेले वर्जीनिया में यह समझौता 35.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर का है और राज्य में उपभोक्ता संरक्षण के इतिहास के सबसे बड़े समझौतों में से एक है। जोन्स ने कहा, 'वर्षों से मेटा ने लत लगाने वाले और नुकसानदेह फीचर के बारे में जनता को जानबूझकर गुमराह किया, जिससे युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ा है।' उन्होंने कहा कि यह समझौता 'इन खतरनाक गतिविधियों को समाप्त करेगा और बच्चों को ऑनलाइन नुकसान से बचाने के लिए सार्थक राहत प्रदान करेगा।'

मेटा ने टिप्पणी के अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया

मेटा ने टिप्पणी के अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया।गौरतलब है कि 17 अरब अमेरिकी डॉलर का यह समझौता कंपनी के 2025 के 201 अरब अमेरिकी डॉलर के राजस्व का एक छोटा हिस्सा है।मुकदमे में मेटा पर युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य संकट को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया था। इसमें कहा गया था कि कंपनी ने बच्चों को अपने मंचों का आदी बनाने वाले फीचर को जानबूझकर डिजाइन किया और उनके बारे में जनता से जानकारी छिपाई।

मामले की सुनवाई पिछले सप्ताह कैलिफोर्निया के ऑकलैंड में शुरू हुई

मुकदमे में यह भी कहा गया कि मेटा ने 13 साल से कम उम्र के बच्चों का उनके माता-पिता की सहमति के बिना नियमित रूप से डेटा एकत्र कर संघीय कानूनों का उल्लंघन किया। मामले की सुनवाई पिछले सप्ताह कैलिफोर्निया के ऑकलैंड में शुरू हुई। अमेरिकी जिला न्यायाधीश यवोन गोंजालेज रोजर्स ने सुनवाई की अध्यक्षता की। इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोसेरी ने बच्चों की सुरक्षा तथा निजता के मामले में मेटा के रिकॉर्ड और प्रगति के बारे में जानकारी दी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article