शहर

दिल्ली के तिलक नगर में 21 साल की लड़की की हत्या, घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार; CCTV खंगाल रही पुलिस

राजधानी दिल्ली में अलग-अलग इलाकों से तीन दुखद घटनाएं सामने आई हैं। तिलक नगर में 21 साल की लड़की की उसके घर में घुसकर चाकू मार कर हत्या कर दी गई, जिसमें आरोपी की तलाश जारी है।

Image

तिलक नगर में मर्डर से दहली दिल्ली! (प्रतीकात्मक फोटो)

देश की राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से तीन दुखद घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पहली घटना पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके की है, जहां 21 वर्षीय एक युवती की उसके घर में घुसकर चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त लड़की घर में अकेली थी।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मृतका और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं पर दूसरे मामले में दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट में एक व्यक्ति को गोली मारी गई।

पश्चिम विहार वेस्ट इलाके में अज्ञात लोगों ने मारी गोली

पुलिस ने बताया कि बुधवार को बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट इलाके में अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। घायल व्यक्ति की पहचान निहाल के तौर पर हुई है और उसका इलाज पास के ही एक अस्पताल में चल रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शक है कि यह घटना प्रेम प्रसंग से जुड़ी हो सकती है।

दूसरी घटना लुटियंस दिल्ली के नामचीन 5-स्टार होटल ली मेरिडियन की है। यहां चौथी मंजिल के पूल साइड से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने के कारण 37 वर्षीय दिविज मारिया की मौत हो गई। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जांच में सामने आया कि दिविज गुरुग्राम की एक कंपनी में कार्यरत थे, लेकिन करीब छह महीने पहले नौकरी छोड़ चुके थे और पिछले कुछ समय से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे। वह होटल के हेल्थ क्लब के नियमित सदस्य थे।

दिल्ली में अपराध और हादसों की तीन बड़ी वारदातें

तीसरी घटना पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में एनएच-9 (NH-9) पर घटी। गाजियाबाद से घर लौट रहे 24 वर्षीय नितिन की मोटरसाइकिल को एक अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में नितिन की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के जरिए टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि एनएच-9 पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है, फिर भी नियमों की अनदेखी के चलते ऐसे सड़क हादसे घट रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!