क्रिकेट

BCCI Naman Awards 2026: शुभमन गिल और स्मृति मंधाना ने जीते बीसीसीआई के शीर्ष सालाना पुरस्कार

बीसीसीआई ने रविवार को नई दिल्ली में अपने सालाना अवार्ड समारोह नमन का आयोजन किया। शुभमन गिल और स्मृति मंधाना महिला और पुरुष वर्ग में साल के सर्वश्रेष्ठ भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी का अवार्ड अपने नाम करने में सफल रहे। ये है अवार्ड विनर्स की पूरी लिस्ट।

Image

नमन अवार्ड विजेताओं की पूरी सूची (फोटो क्रेडिट BCCI)

नई दिल्ली: भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को 2024-2025 में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रविवार को यहां आयोजित बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 समारोह में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर (क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग) चुना गया। गिल ने प्रतिष्ठित ’पॉली उमरीगर पुरस्कार’ जीता जबकि मंधाना को यह पुरस्कार पांचवीं बार मिला। गिल का यह दूसरा ’क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार है, इससे पहले उन्होंने 2023 में यह पुरस्कार जीता था। पूर्व दिग्गज खिलाड़ी रोजर बिन्नी, राहुल द्रविड़ और मिताली राज को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सर्वोच्च सम्मान ’कर्नल सी के नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारतीय क्रिकेट में उनके बेहतरीन योगदान को देखते हुए दिया गया।

ये पुरस्कार जीतना मेरे लिए सम्मान की बात-गिल

गिल के लिए 2025 का साल बेहद शानदार रहा और उन्होंने क्रिकेट के लंबे प्रारूपों में खुद को टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज में से एक के तौर पर स्थापित किया। गिल ने कहा,'मैं सबसे पहले यह पुरस्कार देने के लिए बीसीसीआई का धन्यवाद करना चाहता हूं। भारतीय क्रिकेट के कई महान और दिग्गज खिलाड़ी पहले यह सम्मान प्राप्त कर चुके हैं इसलिए यहां होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। पिछले साल हमने भारतीय क्रिकेट टीम के रूप में जो हासिल किया, पांच आईसीसी ट्रॉफियां जीतना, वह वास्तव में शानदार था। मुझे नहीं लगता कि पहले ऐसा कभी हुआ होगा। मैं अपने साथियों का भी धन्यवाद करना चाहता हूं क्योंकि उनके बिना यह संभव नहीं होता। मैं अपने माता-पिता और परिवार का भी धन्यवाद करना चाहता हूं जिन्होंने मुझे यहां तक पहुंचने में मदद की। एक बार फिर धन्यवाद।'

इंग्लैंड दौरे पर बतौर कप्तान बल्ले से मचाया धमाल

इंग्लैंड दौरे पर कप्तान गिल ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में टीम की अगुवाई करते हुए 10 पारियों में 75.40 के औसत से कुल 754 रन बनाए जिससे वह श्रृंखला में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इसमें चार शतक और 269 रन का उनका सर्वोच्च स्कोर भी शामिल था। पिछले साल भारत की ’चैंपियंस ट्रॉफी’ जीत में भी गिल ने अहम भूमिका निभाई थी। इस टूर्नामेंट में उन्होंने दुनिया के नंबर एक वनडे बल्लेबाज के तौर पर प्रवेश किया था। बांग्लादेश के खिलाफ भारत के पहले मैच में उन्होंने नाबाद 101 रन बनाए और पूरे टूर्नामेंट में कुल 188 रन बनाकर अपना अभियान समाप्त किया।

मंधाना ने साल में बनाए 1703 रन

मंधाना ने 2025 का समापन कुल 1,703 अंतरराष्ट्रीय रनों के साथ किया। इसमें वनडे में 1,362 रन शामिल हैं जो किसी भी महिला क्रिकेटर द्वारा एक कैलेंडर वर्ष में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। ऐसा करके मंधाना महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में एक ही कैलेंडर वर्ष में 1,000 रन बनाने वाली पहली बल्लेबाज बन गईं। मंधाना ने कहा,'मैं इस पुरस्कार के बारे में बात कर सकती हूं, लेकिन टीम का जिक्र किए बिना व्यक्तिगत उपलब्धियों के बारे में बात करना संभव नहीं है। यह वास्तव में एक शानदार साल रहा है। इसलिए धन्यवाद। बीसीसीआई ने जिस तरह महिलाओं के क्रिकेट का समर्थन किया, उसके लिए भी धन्यवाद। मुझे उम्मीद है कि हम आगे भी और बड़ी ऊंचाइयों तक पहुंचते रहेंगे।'

विश्व कप में रहीं भारत की सबसे सफल बैटर

भारत को अपना पहला महिला विश्व कप खिताब दिलाने में भी मंधाना ने अहम योगदान दिया। उन्होंने नौ मैचों में कुल 434 रन बनाए और टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह दूसरे स्थान पर रहीं। विश्व कप से पहले बाएं हाथ की बल्लेबाज मंधाना ने नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 गेंदों में शतक जड़कर किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज वनडे शतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया और इस तरह उन्होंने विराट कोहली के 52 गेंदों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

घरेलू क्रिकेट के लिए इन प्लेयर्स ने मारी बाजी

शेफाली वर्मा को 2024–25 घरेलू सत्र में शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला सीनियर वनडे क्रिकेटर, ईरा जाधव को सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर (घरेलू), हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर और आयुष म्हात्रे को घरेलू सीमित ओवर की प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article