Slovakia Study Rules and Regulation: मध्य यूरोप में स्थित स्लोवाकिया (Slovakia) अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक संस्कृति और विश्व स्तरीय शैक्षणिक प्रणाली के लिए भारतीय छात्रों के बीच एक लोकप्रिय स्टडी डेस्टिनेशन बन चुका है। शेंगेन देश होने के कारण यहां से पढ़ाई पूरी करने के बाद पूरे यूरोप में छात्रों के लिए करियर के कई अवसर खुल जाते हैं। कम ट्यूशन फीस, किफायती रहने का खर्च और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त डिग्रियों के कारण हर साल हजारों विदेशी छात्र स्लोवाकिया का रुख कर रह हैं। हालांकि, स्लोवाकिया के किसी शैक्षणिक संस्थान में दाखिला लेने से पहले वहां के शैक्षणिक नियमों, प्रवेश प्रक्रिया और नेशनल डी-वीजा से जुड़ी अनिवार्य शर्तों को विस्तार से समझना आपके लिए बेहद आवश्यक है।
स्लोवाकिया में पढ़ाई के मुख्य नियम और एलिजिबिलिटी
स्लोवाकिया की यूनिवर्सिटी में प्रवेश पाने के लिए गैर-यूरोपीय (Non-EU) छात्रों को कुछ बुनियादी शर्तों को पूरा करना होता है, जो इस प्रकार है-
अकादमिक योग्यता - बैचलर प्रोग्राम के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास और मास्टर/पीएचडी के लिए संबंधित विषय में ग्रेजुएशन/मास्टर की डिग्री अनिवार्य है।
भाषा की अनिवार्यता - स्लोवाक भाषा में पढ़ाए जाने वाले अधिकांश कोर्स सरकारी यूनिवर्सिटीज में पूरी तरह से मुफ्त हैं। वहीं, अंग्रेजी माध्यम के कोर्स के लिए ट्यूशन फीस देनी होती है, जिसके लिए IELTS/TOEFL स्कोर या मीडियम ऑफ इंस्ट्रक्शन (MOI) सर्टिफिकेट की आवश्यकता होती है।
पार्ट टाइम वर्क की अनुमति - स्टूडेंट वीजाधारक अंतरराष्ट्रीय छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ प्रति माह 80 घंटे (यानी प्रति सप्ताह 20 घंटे) पार्ट-टाइम काम करने की कानूनी छूट मिलती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - IIT Bombay Exams 2026: आज से शुरू होंगी मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं, छात्रों और TAs के लिए सख्त नियम लागू
स्टडी वीजा को लेकर क्या है नियम
90 दिनों से अधिक अवधि वाले फुल-टाइम डिग्री कोर्स के लिए भारतीय और अन्य विदेशी छात्रों को नेशनल D-वीजा (National D Visa for Study) के लिए आवेदन करना होता है। लेकिन यहां पढ़ाई के लिए केवल वीजा ही नहीं, बल्कि उसके साथ आपको टीआरपी की भी आवश्यकता होती है।
1. नेशनल 'D' वीजा - यह लॉन्ग-टर्म वीजा स्लोवाकिया में प्रवेश करने के लिए जारी किया जाता है।
2. अस्थायी निवास प्रमाण पत्र (Temporary Residence Permit - TRP)- स्लोवाकिया पहुंचने के बाद छात्रों को फॉरेन पुलिस (Foreign Police Department) में रिपोर्ट करके अध्ययन के उद्देश्य से अस्थायी निवास परमिट (TRP) के लिए आवेदन करना होता है। यह टीआरपी कोर्स की अवधि के अनुसार (अधिकतम 6 वर्ष तक) वैध रहती है।
वीजा आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेज
वैध पासपोर्ट: जिसकी वैधता स्लोवाकिया प्रवास की अवधि से कम से कम 3 महीने अधिक हो।
यूनिवर्सिटी स्वीकृति पत्र: जिस संस्थान में आपने प्रवेश प्राप्त किया है, वहां का एडमिशन लेटर।
प्रूफ ऑफ फंड: छात्र के खाते में रहने और पढ़ाई के खर्च को कवर करने के लिए पर्याप्त बैंक बैलेंस (कम से कम €3,500 से €4,000 की बैंक स्टेटमेंट या स्कॉलरशिप लेटर)।
पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट: आपराधिक रिकॉर्ड न होने का अपोस्टिल प्रमाण पत्र।
निवास प्रमाण पत्र: हॉस्टल अलॉटमेंट लेटर या रेंट एग्रीमेंट।
हेल्थ एवं ट्रैवल इंश्योरेंस: स्लोवाकिया व शेंगेन क्षेत्र में मान्य मेडिकल इंश्योरेंस।
नोट: दूतावास में वीजा और टीआरपी आवेदन के दौरान जमा किए जाने वाले सभी दस्तावेज 90 दिनों से अधिक पुराने नहीं होने चाहिए और उन्हें आधिकारिक रूप से अपोस्टिल व स्लोवाक भाषा में अनुवादित किया जाना अनिवार्य है।
छात्रों के लिए महत्वपूर्ण सलाह
वीजा प्रोसेसिंग में 30 से 60 दिनों का समय लग सकता है, इसलिए सत्र शुरू होने से कम से कम 3 महीने पहले आवेदन प्रक्रिया शुरू करें। यूनिवर्सिटीज में सीधे या आधिकारिक इंटरनेशनल रिलेशन ऑफिस के माध्यम से ही संवाद और फीस का लेनदेन करें। किसी भी प्रकार के फर्जी एजेंटों से बचें।
