क्रिकेट

मेहनत करनी पड़ेगी, मैच जिताऊ पारी खेलने के बाद अय्यर की टीम को सलाह

पंजाब किंग्स ने सीजन की तीसरी जीत हासिल कर ली। हैदराबाद के खिलाफ मैच में अय्यर की कप्तानी पारी के दम पर उसने एसआरएच को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही टीम तीसरे नंबर पर पहुंच गई है।

Image

श्रेयस अय्यर (साभार-X

पिछले साल के फाइनल में दिल तोड़ने वाली हार के बाद पंजाब किंग्स इस सीजन अपना पहला इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) खिताब जीतने के लिए बेताब दिख रही है, हालांकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने स्वीकार किया कि इसकी कल्पना करने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ेगी। अय्यर ने शनिवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ छह विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 33 गेंद में नाबाद 69 रन बनाकर टीम की अगुवाई की। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने 99 रन की शानदार साझेदारी करके 220 रनों के लक्ष्य को आसान बना दिया था।

’प्लेयर ऑफ द मैच’ अय्यर ने अपने सलामी बल्लेबाजों के प्रयासों की सराहना की जिन्होंने पावरप्ले में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से एक मजबूत नींव रखी।

अय्यर ने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, ’’वे मैदान पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मैं बार-बार यही दोहराता रहता हूं कि आपको वर्तमान में रहना होगा। कोच रिकी (पोंटिंग) भी इस पहलू को बहुत महत्व देते हैं। पिछले साल भी हम ट्रॉफी जीतने के बहुत करीब पहुंच गए थे। इस साल, हम इसे जीतना चाहते हैं। इसकी कल्पना करने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ेगी। ’’

उन्होंने कहा, ’’हमें शानदार शुरुआत मिली। जब आप 220 रनों का पीछा कर रहे होते हैं तो आपको ऐसी ही शुरुआत की जरूरत होती है। देखने में बहुत अच्छा लगा, एकदम सही क्रिकेटिंग शॉट। शुरुआत में लय को स्थिर रखा। यह आसान नहीं था, लेकिन उस गति को बनाए रखना, इसके लिए मुझे खुद को समय देने की जरूरत थी। एक बार जब मैंने पिच की गति को भांप लिया तो चीजें आसान हो गईं। ’’

पंजाब किंग्स के अगले 3 मैच

पंजाब किंग्स के अगले 3 मुकाबले की बात करें तो उन्हें 16 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से, 19 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स से और 25 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स से खेलना है। फिलहाल पंजाब की टीम 4 मैच में 3 टीम मुकाबला जीतकर प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पोजिशन पर है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article