क्रिकेट

GT vs CSK: सीएसके के खिलाफ मुकाबले से पहले साई सुदर्शन ने बताया किस बात पर है गुजरात टाइटन्स का ध्यान

प्लेऑफ में एंट्री कर चुकी गुजरात टाइटन्स की टीम अपना आखिरी लीग मैच खेलने गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उतरेगी। ऐसे में साई सुदर्शन ने बताया है कि गुजरात की इस मुकाबले में नजर किस चीज पर रहेगी।

Image

साई सुदर्शन (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

अहमदाबाद: गुजरात टाइटन्स को भले ही खेलने के पारंपरिक तरीके के कारण आलोचना का सामना करना पड़ा हो लेकिन टीम के सलामी बल्लेबाज बी साई सुदर्शन ने कहा कि बृहस्पतिवार को होने वाले अपने आखिरी आईपीएल लीग मैच में उनका ध्यान नेट रन रेट की चिंता करने के बजाय शीर्ष दो में जगह पक्की करने पर है। टाइटन्स की टीम पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अभी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है लेकिन पहले ही बाहर हो चुके चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ जीत से शीर्ष दो में जगह बनाने की उनकी संभावनाएं काफी मजबूत हो जाएंगी जिससे उन्हें फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे।

हमारा ध्यान है जीत हासिल करने पर

सुदर्शन ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा,'सबसे पहली और जरूरी बात है कि हमें अच्छा क्रिकेट खेलना है और कल जीत हासिल करनी है। हम अभी ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि बहुत बड़े अंतर से जीतने या बहुत बड़ी जीत हासिल करने के बारे में सोचें। यहां बात फिर से वही सही काम करने की है जो हम अब तक करते आए हैं और जीत हासिल करने की है। अगर हम उस स्थिति में होते हैं तो हां, अन्य टीम की तरह हम भी चाहेंगे कि इसे जितना हो सके उतनी आसानी से खत्म करें या खुद को शीर्ष दो में जगह बनाने का सबसे अच्छा मौका दें।'

ऐसा है गुजरात का अंक तालिका में हाल

गुजरात टाइटन्स ने अबतक खेले 13 मैच में 8 जीत और 5 हार के साथ अंक तालिका में आरसीबी के बाद दूसरे स्थान पर है। गुजरात के नेट रन रेट 0.400 का है और 16 अंक है। गुरुवार को सीएसके के खिलाफ जीत गुजरात को 18 अंक के साथ टॉप-2 में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेगी। आरसीबी का लीग दौर के बाद पहले पायदान पर रहना तकरीबन पक्का है। ऐसे में दूसरे स्थान के लिए गुजरात और हैदराबाद के बीच भिड़ंत होनी है। ऐसे में नेट रन रेट दोनों टीमों के लिए आखिरी मुकाबले में जीत के बावजूद मायने रखेगा। भले ही सुदर्शन नेट रन रेट में सुधार की बात को नकार रहे हैं लेकिन गुजरात दोहरे लक्ष्य हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article