इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शुरुआती 20 मैच का कार्यक्रम आ गया है। पहला मुकाबला 28 मार्च को आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। हमेशा की तरफ इस बार भी आईपीएल में बड़े नाम नहीं बल्कि वे बल्लेबाज सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं जो विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करना जानते हैं। आईपीएल 2026 में भी ऐसे ही बल्लेबाज महफिल लूट ले जाएंगे जो 10 गेंद में 35 रन बनाने का माद्दा रखते हैं। इस सीजन भी कुछ ऐसे बल्लेबाज हैं जिनकी बल्लेबाजी देखने के लिए फैंस में काफी उत्सुकता है। ये बल्लेबाज जब रन बनाते हैं तो फैंस का खूब मनोरंजन होता है।
ऋषभ पंत (लखनऊ सुपर जायंट्स)
इस लिस्ट में पहला नाम लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत का है। पंत पिछले साल फॉर्म में नहीं थे। लेकिन इस बार टी20 टीम में वापसी के लिए उन्हें आईपीएल के मंच को अपने पक्ष में भुनाना पड़ेगा। यही कारण है कि आईपीएल से पहले पंत की बैटिंग ऑर्डर को लेकर बड़ा फैसला किया गया है। इस सीजन पंत नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने वाले हैं। पंत पहले आएंगे इसका मतलब है कि वह ज्यादा गेंद खेलेंगे।
वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स)-
इस लिस्ट में नंबर दो पर वैभव सूर्यवंशी का नाम है। वैभव ने पिछले सीजन अपनी बल्लेबाजी की झलक दुनिया वालों को दिखाई थी। उनके पहले ही गेंद से हिट करने की नीति इस बार भी जारी रहेगी और फैंस को यही पंसद है। पिछले सीजन सबसे तेज शतकवीर भारतीय बनने वाले वैभव की नजर इस बार क्रिस गेल के 175 रन की पारी पर है। इसकी घोषणा वह खुद कर चुके हैं।
शेरफेन रदरफोर्ड (मुंबई इंडियंस)-
इस कैरीबियाई खिलाड़ी को वानखेड़े की पिच बेहद पसंद है। टी20 वर्ल्ड कप में भी रदरफोर्ड रंग में थे। पिछले सीजन उन्होंने 157.30 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 13 मैच में 291 रन बनाए थे। इस बार भी इस बल्लेबाज की हिटिंग देखने के लिए फैंस उत्साहित हैं।
डेवाल्ड ब्रेविस (चेन्नई सुपर किंग्स)-
इस लिस्ट में चेन्नई सुपर किंग्स के युवा खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस का नाम भी है। ब्रेविस को सीएसके का साथ बेहद पसंद आया। पिछले सीजन ब्रेविस ने 6 मैच में 180 की स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए। इस दौरान उन्होंने 30 चौके और 33 छक्के लगाए।
फिन एलन (कोलकाता नाईट राइडर्स)-
5वें बल्लेबाज हैं न्यूजीलैंड के फिन एलन जो इस बार अपना आईपीएल डेब्यू करेंगे। केकेआर से खेलने वाले इस बल्लेबाज का विस्फोटक अंदाज फैंस ने टी20 वर्ल्ड कप में देखा था, अब बारी आईपीएल में उसे दोहराने की है। टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 200 की स्ट्राइक रेट से 298 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने सेमीफाइनल में शानदार शतकीय पारी खेली थी।
