क्रिकेट

अलग अंदाज में नजर आएगी लखनऊ की गेंदबाजी, कप्तान पंत ने बताया कारण

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की गेंदबाजी बदली-बदली सी नजर आएगी। यह कहना है लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत का जो बतौर कप्तान लगातार दूसरी बार उतरने वाले हैं। पिछले सीजन इस टीम ने गेंदबाजी में संघर्ष किया था।

Image

ऋषभ पंत (साभार-X)

आईपीएल के पिछले सीजन में लखनऊ की बल्लेबाजी तो धमाकेदार रही थी, लेकिन इस टीम ने गेंदबाजी में संघर्ष किया था। लेकिन आईपीएल 2026 में लखनऊ ने अपनी इस कमजोरी को दूर कर लिया है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत का कहना है कि सहयोगी स्टाफ में भरत अरूण के आने से गेंदबाजी विभाग में टीम को मजबूत करने में काफी मदद मिल रही है। पंत ने जियोस्टार से बातचीत में लखनऊ टीम के चेन्नई में लगाये गए शिविर और भारत के पूर्व गेंदबाजी कोच अरूण के जुड़ने से टीम के युवा तेज गेंदबाजों को मिल रही मदद के बारे में बताया।

पंत ने कहा ,’’ तेज गेंदबाजों के साथ शिविर बेहतरीन रहा। भरत अरूण सर के आने से काफी मदद मिल रही है। हमने इस पर काफी बात की है कि मैं गेंदबाजों से क्या चाहता हूं और वह इसमें क्या मदद कर सकते हैं।’’ उन्होंने कहा ,’’वह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कोचों में से एक हैं और उनके साथ काम करने के अनुभव के कारण मुझे पूरा भरोसा है। वह अपने साथ अपार अनुभव लाये हैं। गेंदबाजों को उन पर भरोसा है और वे उनसे बात करते हैं। आपको एक गेंदबाजी कोच से यही चाहिये होता है।’’

पंत ने कहा ,’’ पिछले सत्र का प्रदर्शन देखें तो हमें गेंदबाजी में सुधार की जरूरत थी। इसमें अरूण सर हमारी मदद कर सकते हैं और मुझे खुशी है कि वह टीम के साथ हैं।’’ ड्रेसिंग रूम में सबसे मजाकिया इंसान पंत ने कहा कि इससे तनाव के पलों में माहौल हल्का करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा ,’’ मुझे लगता है कि हंसी मजाक सबको पसंद है क्योंकि माहौल वैसे ही इतना तनावपूर्ण है । हर कोई एक दूसरे के साथ का आनंद लेना चाहता है। बहुत सारा तनाव लेकर मजा नहीं आता और आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाते।’’

पिछले साल पंत पर भी उठे थे सवाल

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत के प्रदर्शन पर सवाल उठे थे। पिछले सीजन आखिरी मैच को छोड़ दें तो पंत ने बल्लेबाजी में संघर्ष किया था, लेकिन आखिरी मुकाबले में उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली थी। अब वह भारतीय क्रिकेट से दूर हैं और आईपीएल उनकी वापसी का दरवाजा खोल सकता है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article