क्रिकेट

Ranji Trophy: झारखंड के खिलाफ आयुष बदोनी ने जड़ा कप्तानी दोहरा शतक, क्वार्टर फाइनल की दौड़ में दिल्ली कायम

आयुष बदोनी ने झारखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में शानदार दोहरा शतक जड़कर मैच ड्रॉ कराया और अपनी टीम को क्वार्टर फाइनल की रेस में बनाए रखा है। जानिए कैसा रहा झारखंड-दिल्ली के बीच मुकाबले के अंतिम दिन का हाल?

Image

झारखंड के खिलाफ दोहरा शतक जड़ने वाले आयुष बदोनी (साभार DDCA)

KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली और झारखंड के बीच मुकाबला हुआ ड्रॉ
  • आयुष बदोनी ने खेली 205 रन की नाबाद पारी
  • दिल्ली क्वार्टर फाइनल की दौड़ में बरकरार

नई दिल्ली: कप्तान आयुष बदोनी के पहले दोहरे शतक ने दिल्ली को शनिवार को झारखंड के खिलाफ ड्रॉ रहे मुकाबले में तीन अंक दिलाये जिससे मेजबान टीम रणजी ट्रॉफी के संभावित क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बनी हुई है। दिल्ली पांच मैच में 14 अंक के साथ ग्रुप डी में तीसरे स्थान पर है और क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए उसे जनवरी में सौराष्ट्र और रेलवे के खिलाफ दो जीत की जरूरत होगी।

दिल्ली ने हासिल की पहली पारी में बढ़त

झारखंड के पहली पारी में 382 रन के जवाब में दिल्ली ने अंतिम दिन स्टंप तक सात विकेट गंवाकर 388 रन बनाये। बदोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी कुछ बेहतरीन पारियों के साथ अपनी चमक बिखेरी है लेकिन दुर्भाग्य से पिछले कुछ सत्रों में वह इन्हें बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। बदोनी ने 16 चौके और 10 छक्कों की मदद से 205 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी के दम पर दिल्ली की टीम झारखंड की पहली पारी के 382 रन के स्कोर से आगे पहुंची।

छक्के के साथ बदोनी ने पूरा किया दोहरा शतक

बदोनी ने 199 रन के स्कोर पर झारखंड के बाएं हाथ के स्पिनर अनुकूल रॉय की गेंद स्टैंड में भेजकर अपनी टीम को पहली पारी में बढ़त दिलाई और दोहरे शतक की उपलब्धि हासिल की। बदोनी को सुमित माथुर (43) का साथ मिला जिनके साथ उन्होंने छठे विकेट के लिए 150 रन जोड़े। दिल्ली की टीम सात विकेट पर 327 रन बनाकर मुश्किल में थी। लेकिन सीनियर खिलाड़ी शिवम शर्मा (33) ने अपने कप्तान का अच्छा साथ दिया। दिल्ली के लिए अनुज रावत ने भी 52 रन बनाये थे।

छत्तीसगढ़ ने असम के खिलाफ खेला ड्रॉ

रायपुर में छत्तीसगढ़ ने असम के खिलाफ पहली पारी की बढ़त के आधार पर ड्रॉ मुकाबले से तीन अंक अपनी झोली में डाले। छत्तीसगढ़ ने असम के 289 रन के जवाब में पहली पारी नौ विकेट पर 500 रन पर बनाकर घोषित की थी। चंडीगढ़ में सौराष्ट्र ने चंडीगढ़ को पारी और 49 रन से शिकस्त देकर बोनस अंक से सात अंक हासिल किये। सौराष्ट्र ने पहली पारी नौ विकेट पर 531 रन के स्कोर पर घोषित की थी। पहली पारी में 249 रन बनाने वाली चंडीगढ़ की टीम दूसरी पारी में 223 रन पर सिमट गई।

तमिलनाडु ने रेलवे का पारी के अंतर से रौंदा

अहमदाबाद में ग्रुप के एक अन्य मैच में तमिलनाडु ने रेलवे को पारी और 125 रन से मात दी और सात अंक हासिल किये। तमिलनाडु ने पहली पारी में 438 रन बनाये थे। रेलवे की टीम पहली पारी में 229 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में महज 184 रन ही बना सकी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article