EXCLUSIVE: वेस्टइंडीज के महान पूर्व तेज गेंदबाज और क्रिकेट जगत के जाने-माने टिप्पणीकार माइकल होल्डिंग ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान व पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ हो रहे व्यवहार की कड़े शब्दों में आलोचना की है। 'स्पोर्ट्स नाउ' को दिए एक विशेष साक्षात्कार में 72 वर्षीय होल्डिंग ने कहा कि इमरान खान के साथ जिस तरह का बर्ताव किया जा रहा है, वैसा तो गंभीर अपराधों और हत्या के दोषियों के साथ भी नहीं होता।
मानवीय गरिमा का सवाल
माइकल होल्डिंग ने इस मुद्दे को राजनीतिक से अधिक मानवीय गरिमा और बुनियादी मानवाधिकारों का मामला बताया। उन्होंने इमरान खान के बुनियादी स्वास्थ्य उपचार और परिवार से मिलने की मांग करने वाले अंतरराष्ट्रीय पूर्व कप्तानों के पत्र का खुलकर समर्थन किया। होल्डिंग ने कहा, "मैं इस बात का पूरा समर्थन करता हूं कि उस व्यक्ति के साथ एक आम इंसान जैसा बर्ताव किया जाए। हत्या के दोषियों के साथ भी ऐसा सलूक नहीं किया जाता। मुझे समझ नहीं आता कि उनके साथ ऐसा क्यों हो रहा है। हो सकता है कि इसके पीछे कोई ईर्ष्या हो, क्योंकि इमरान खान संभवतः दुनिया के सबसे प्रसिद्ध पाकिस्तानी हैं।"
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तानों ने हाल में विदेश मंत्री को पत्र लिखकर ये मुद्दा उठाया था। इसको लेकर होल्डिंग ने कहा, "मैं उन कप्तानों का पूरा समर्थन करता हूं जिन्होंने वो चिट्ठी लिखी थी। मुझे नहीं पता कि इसका क्या असर होगा, लेकिन मैं इस बात का पूरी तरह से समर्थन करता हूं कि उस व्यक्ति के साथ भी एक आम इंसान जैसा ही बर्ताव किया जाए।"
कैंसर अस्पताल के लिए फंड जुटाने से जुड़ा पुराना रिश्ता
होल्डिंग ने इमरान से अपने रिश्ते को लेकर कहा, "मैंने इमरान के साथ खेला है, मैं यह नहीं कहूंगा कि मैंने बहुत खेला है। मैंने उनके साथ कुछ वनडे मैच खेले हैं। मैंने काउंटी क्रिकेट खेला है, इमरान के खिलाफ कुछ मैच खेले हैं, लेकिन इमरान के साथ खेलने के अलावा, मैंने उनके साथ समय बिताया है। जब इमरान उस कैंसर अस्पताल के लिए धन जुटाने के लिए लंदन का दौरा कर रहे थे, तो मैं उनके साथ गया था, मैंने उस मामले में यथासंभव उनका समर्थन करने की कोशिश की।" होल्डिंग ने याद किया कि जब इमरान खान लंदन में अपने महत्वाकांक्षी कैंसर अस्पताल (शौकत खानम) के लिए फंड जुटा रहे थे, तब उन्होंने उनके साथ घूम-घूम कर हर संभव सहयोग दिया था। उन्होंने आगे कहा, "तो मैं उस आदमी को जानता हूँ, और मुझे अच्छी तरह पता है कि वह किस तरह का इंसान है। और अभी जो हालात हैं और इमरान खान के साथ जो हो रहा है, उसे देखना बहुत दुखद है।"
पाकिस्तान क्रिकेट में अस्थिरता पर चिंता
'स्पोर्ट्स नाउ' से साक्षात्कार के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट की गिरती स्थिति पर पूछे गए सवाल पर माइकल होल्डिंग ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के शीर्ष नेतृत्व में बार-बार होने वाले बदलावों को मुख्य वजह बताया। उन्होंने कहा, "मुझे जानकारी मिली है कि पिछले 11 वर्षों में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के करीब नौ अध्यक्ष बदले गए हैं। किसी भी खेल या देश के लिए ऐसा ढांचा अस्थिरता ही लाएगा। उदाहरण के लिए, इंग्लैंड में पिछले 10 सालों में कई प्रधानमंत्री बदले, जिसका असर देश की स्थिरता पर देखा जा सकता है।"
होल्डिंग ने स्पष्ट किया कि वे पाकिस्तान की अंदरूनी राजनीति पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन एक इंसान और पुराने दोस्त के नाते वे इमरान खान के साथ हो रहे दुर्व्यवहार पर चुप नहीं रह सकते।
