स्पोर्ट्स

कंटेनर में खिलाड़ीः एशियन गेम्स में व्यवस्था को लेकर हंगामे के बीच भारत के उप दल नेता अचंता शरत कमल का बड़ा बयान

Asian Games 2026 Accomodation Issue: एशियन गेम्स 2026 शुरू होने से पहले वहां खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था पर नई बहस व विवाद खड़ा हो रहा है। इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसी बीच एशियाई खेलों में भारत के उप दल नेता अंचता शरत कमल ने बड़ा बयान दे दिया है।

Image

जापान एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के रहने की अजीब व्यवस्था पर अचंता शरथ कमल का बयान (PTI)

एशियाई खेलों के लिए भारत के उप दल नेता अचंता शरत कमल ने कहा कि इन खेलों के लिए तैयार किए गए अनूठे ’कंटेनर रूम’ और ’क्रूज शिप’ आवास की व्यवस्था भारतीय खिलाड़ियों के लिए विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण नहीं होगी, भले ही इसको लेकर प्रतिभागी देशों की मिली जुली प्रतिक्रिया रही है। भारत के 501 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के 265 सदस्य भी 19 सितंबर से आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के दौरान लगभग 17000 अन्य प्रतिभागियों की तरह ही कंटेनर शैली के कमरों, एक क्रूज जहाज और होटलों में ठहरेंगे।

दक्षिण कोरियाई दल ने कंटेनर कमरों को बहुत छोटा बताकर उनकी आलोचना की है और एशियाई क्रिकेट परिषद के कुछ सदस्यों ने भी उपलब्ध आवास की गुणवत्ता के बारे में चिंता व्यक्त की है। शरत से जब पूछा गया कि भारतीय खिलाड़ी अनोखी व्यवस्था से कैसे तालमेल बिठाएंगे उन्होंने कहा कि उन्हें सहयोगी स्टाफ के सदस्यों की अधिक चिंता है क्योंकि उन्हें खिलाड़ियों की तरह भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) द्वारा तैयार किए गए अस्थायी कंटेनरों के जरिए अनुकूलन का अवसर नहीं मिला।

उन्होंने कहा, "खिलाड़ियों को जापान जैसा माहौल देने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण के कुछ परिसरों में कंटेनर तैयार किए गए थे और खिलाड़ियों को उनमें रहने का मौका मिला।" भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के एथलीट आयोग के उपाध्यक्ष शरत ने कहा, "हमने खिलाड़ियों के लिए सर्वश्रेष्ठ माहौल तैयार किया है और उम्मीद है कि वह जापान में आवास व्यवस्था से जल्द ही तालमेल बिठा लेंगे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे।"

लगभग 4000-5000 खिलाड़ियों को कोस्टा सेरेना नामक एक लग्जरी क्रूज लाइनर में ठहराया जाएगा। इसके अलावा 2000 खिलाड़ी कंटेनर में रहेंगे। कुछ खिलाड़ियों को व्यावसायिक होटलों में भी ठहराया जाएगा। टेबल टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी शरत को उम्मीद है कि एशियाई खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भारत कम से कम एक पदक जीतने में सफल रहेगा। उन्हें मानव ठक्कर और मानुष शाह की पुरुष युगल जोड़ी तथा मानुष शाह और दिया चिताले की मिश्रित युगल जोड़ी से काफी उम्मीद है।

इन खेलों में टेबल टेनिस में भारत का प्रतिनिधित्व 10 सदस्यीय टीम कर रही है, जिसमें पांच पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। शरत ने कहा, "मेरी उम्मीद है कि हम कम से कम एक पदक जीतें। पिछली बार हमें महिला युगल में एक पदक मिला था और उससे पहले हमें 2018 में दो कांस्य पदक मिले थे। मनुष और मानव की पुरुष युगल जोड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। उनके पास पदक जीतने का अच्छा मौका है।" टेबल टेनिस प्रतियोगिता 20 से 28 सितंबर के बीच खेली जाएगी।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article