क्रिकेट

Ranji Trophy: मोहम्मद शमी के करिश्माई प्रदर्शन की बदौलत बंगाल ने रचा इतिहास, 15 साल बाद दी मध्य प्रदेश को मात

मोहम्मद शमी चोट से उबरकर मैदान पर पर धमाकेदार वापसी करते हुए बंगाल को मध्य प्रदेश के खिलाफ 15 साल बाद यादगार जीत दिलाई और टीम इंडिया में वापसी के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी।

Image

मोहम्मद शमी (BCCI Domestic)

इंदौर: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने चोट से वापसी पर 43.2 ओवर की गेंदबाजी में सात विकेट चटकाने के साथ ताबड़तोड़ 36 रन की पारी खेली जिससे बंगाल ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच में शनिवार को यहां मध्यप्रदेश पर 11 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। बंगाल की टीम की यह मध्यप्रदेश पर पिछले 15 साल में पहली जीत है और इस शानदार प्रदर्शन के बाद शमी का बॉर्डर गावस्कर श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम में शामिल होना लगभग तय हो गया।

326 रन पर सिमटी बंगाल की दूसरी पारी

शमी की मौजूदगी ने बंगाल का हौसला बढ़ाया जिससे टीम ने 338 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए मध्यप्रदेश की दूसरी पारी को 326 रन पर समेट दिया। शमी ने दूसरी पारी में 24.2 ओवर में 102 रन देकर तीन विकेट चटकाये। उन्होंने इस दौरान कुमार कार्तिकेय का विकेट चटकाकर टीम की जीत पक्की की। इस जीत से बंगाल की टीम को छह अंक मिले जिससे टीम कुल 14 अंक के साथ तालिका में हरियाणा (20) और केरल (18) के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गयी। खराब मौसम के कारण बंगाल को शुरुआती दो घरेलू मैचों में अंक साझा करने पर मजबूर होना पड़ा था। बंगाल की टीम आकाशदीप, मुकेश कुमार और अभिमन्यु ईश्वरन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के बिना खेल रही लेकिन शमी की मौजूदगी से गेंदबाजी को पैनापन मिला।

शमी का स्पेल बना हार जीत का अंतर

शमी ने पहली पारी में 19 जबकि दूसरी पारी में 24.2 ओवर गेंदबाजी की। शमी की गेंदबाजी ने मैच में बड़ा अंतर पैदा किया। शमी को छह-सात ओवर के स्पैल के दौरान कोई परेशानी नहीं हुई। इस मैच को देखने के लिए राष्ट्रीय चयनकर्ता अजय रात्रा भी मौजूद थे। इस गेंदबाज की फिटनेस पर भारतीय टीम प्रबंधन की भी नजर है।

जीत के लिए आखिरी दिन मध्य प्रदेश को बनाने थे 188 रन

मध्यप्रदेश को मैच के आखिरी दिन 188 रन की दरकार थी और उसके सात विकेट बचे हुए थे। बीते दिन के नाबाद बल्लेबाज रजत पाटीदार को शमी ने दिन की तीसरे गेंद पर ही बोल्ड कर बंगाल का मनोबल बढ़ा दिया। प्लेयर ऑफ द मैच शाहबाज अहमद (48 रन पर चार विकेट और 92 रन) ने इसके बाद हरप्रीत सिंह भाटिया को चलता किया लेकिन कप्तान शुभम शर्मा (61) और वेंकटेश अय्यर (55) ने 30 ओवर में 95 रन की सतर्क साझेदारी से टीम को मैच में बनाए रखा।

शमी ने चटकाया मैच का आखिरी विकेट

शाहबाज ने अय्यर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा और इसके छह गेंद के बाद रोहित कुमार ने शुभम की पारी का अंत किया। आर्यन पांडे (22) और सारांश जैन (32) ने आठवें विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर मैच में एक बार फिर से मध्यप्रदेश की वापसी करवाई। शाहबाज ने अपने दो ओवर के अंदर इन दोनों को आउट किया जिससे मध्यप्रदेश का स्कोर नौ विकेट पर 324 रन हो गया। बंगाल के कप्तान अनुस्तूप मजूमदार ने इसके बाद गेंद शमी को थमाई जिन्होंने कार्तिकेय को बोल्ड कर टीम को यादगार जीत दिला दी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article