PM Modi 76th Birthday : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को 77 वर्ष में प्रवेश कर जाएंगे। उनके 76वें जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक जाने वाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भाजपा के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश में रहेंगे और वाराणसी से वडनगर तक जाने वाली इसी तरह की एक बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही पार्टी 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक राज्यव्यापी ’सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। 18,500 से अधिक स्थानों पर 88 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और उनके दीर्घायु होने की कामना की जाएगी।
अमित शाह और मुख्यमंत्री पटेल शाम साढ़े पांच बजे अहमदाबाद के जमालपुर क्षेत्र स्थित जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे कांकरिया झील में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां 1.25 लाख दीये जलाए जाएंगे। अहमदाबाद नगर निगम ने बताया कि शाह, पटेल और महापौर हितेश बारोट जगन्नाथ मंदिर में 1,000 सफाईकर्मियों के साथ शाम की आरती में भी शामिल होंगे। अटल ब्रिज पर अलग से 76,000 दीये जलाए जाएंगे, जबकि ’आशीर्वाद नो दिवडो’ कार्यक्रम के तहत सभी 48 वार्डों में 4.80 लाख दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - PM Modi 76th Birthday : 'जब मगरमच्छ पकड़ लाए नरेंद्र मोदी'... दोस्त श्यामलदास ने सुनाए पीएम के बचपन के अनसुने किस्से
नरेन्द्र मोदी मेडिकल कॉलेज, एसीवीपी अस्पताल, एएमसी एमईटी डेंटल कॉलेज, अटल ब्रिज-रिवरफ्रंट, नरेन्द्र मोदी स्टेडियम, मेट्रो परियोजना, बीआरटीएस, वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और खारीकट नहर समेत शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं पर भी दीप जलाए जाएंगे। वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी उनका लोकसभा क्षेत्र है।
सुदर्शन पटनायक ने बनाई पर 25 फुट लंबी रेत की विशेष कलाकृति
प्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में बुधवार को पुरी तट पर 25 फुट लंबी रेत की विशेष कलाकृति बनाई। यह कलाकृति मोदी के "निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 साल" विषय पर आधारित है। प्रधानमंत्री का जन्मदिन 17 सितंबर को है। आशीर्वाद का दिया-25 ईयर्स ऑफ सेवा-हैप्पी बर्थडे मोदी जी" शीर्षक वाली इस विशेष कलाकृति में 2,500 दीयों का इस्तेमाल किया गया है, जो रोशनी, आशीर्वाद और शुभकामनाओं का भव्य दृश्य प्रस्तुत करते हैं। इस कलाकृति में एक खास संख्यात्मक महत्व है, जो सेवा के 25 वर्षों और 2,500 दीयों को एक साथ जोड़ता है।पटनायक ने कहा कि 25 फुट लंबी यह कलाकृति "निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष" विषय को दर्शाती है, जबकि हजारों दीये प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दी जा रही शुभकामनाओं, प्रार्थनाओं और आशीर्वाद का प्रतीक हैं।
बीजेपी अध्यक्ष रक्त शिविर का उद्घाटन
दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह मध्य प्रदेश के लिए रवाना होंगे, जहां इंदौर और उज्जैन में इस अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पार्टी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को ’सेवा दिवस’ के रूप में मना रही है। भाजपा के एक नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
भाजपा नेता ने बताया कि शाम को देशभर में 700 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी नेता, कार्यकर्ता और संबंधित क्षेत्रों के लोग प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए ’आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे।
पार्टी नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर भाजपा बृहस्पतिवार से एक महीने तक चलने वाले ’सेवा संकल्प अभियान’ के तहत देशभर में ’सेवा दिवस’ मनाएगी। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष होने की गौरवपूर्ण सेवा तथा देश के प्रति समर्पण के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कौन कैसे मनाएगा जन्मदिन
भाजपा के अनुसार, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष हेमंत जोशी और अन्य नेता बृहस्पतिवार को वडनगर में मौजूद रहेंगे, जहां अमित शाह मोदी के जन्मस्थान से वाराणसी तक जाने वाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे और स्वच्छता अभियान की शुरुआत करेंगे। शाह सुबह वडनगर में शर्मिष्ठा झील के किनारे आयोजित होने वाली ’’महाआरती’’ में भी शामिल होंगे।
पार्टी के एक नेता ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी चिराग पासवान तथा अन्य केंद्रीय मंत्री बृहस्पतिवार सुबह उस समय मौजूद रहेंगे, जब राजनाथ सिंह वाराणसी से वडनगर तक जाने वाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि एक दिन की सेवा गतिविधियों के बाद शाम को देशभर में 500 से अधिक प्रमुख स्थानों पर एक साथ ’आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसके जरिए देश के 140 करोड़ लोगों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के लंबे और सफल जीवन के लिए शुभकामनाएं दी जाएंगी। नवीन को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उज्जैन के रामघाट पर ’आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे। नवीन मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह इंदौर में ’स्वामित्व योजना’ के तहत राज्यव्यापी ’’बड़े’’ जनकल्याण अभियान की शुरुआत भी करेंगे। भाजपा के अनुसार, शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष महाकालेश्वर मंदिर में ’भस्म आरती’ में शामिल होंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। वह राष्ट्र की शांति, समृद्धि और सर्वांगीण गौरव की कामना करेंगे।
