दुनिया

क्या भारत में BRICS समिट में बेहोश हुए थे शी जिनपिंग? चीनी विपक्षी नेता के दावे से मचा हड़कंप, क्या है पूरा सच

भारत में आयोजित 18वें ब्रिक्स सम्मेलन के बाद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर एक दावा सामने आया है। चीन डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष वांजुन शी का आरोप है कि दिल्ली में सम्मेलन के दौरान जिनपिंग की तबीयत बिगड़ी और उन्हें आपातकालीन इलाज के लिए बीजिंग ले जाया गया। क्या है पूरी सच्चाई?

Image

दिल्ली से लौटते ही अस्पताल में भर्ती हुए शी जिनपिंग? (फाइल फोटो)

Photo : ANI

भारत में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के स्वास्थ्य को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला और अनपुष्ट दावा सामने आया है। चीन डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष वांजुन शी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर दावा किया है कि नई दिल्ली में सम्मेलन के दौरान चीनी राष्ट्रपति की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और वे बेहोश हो गए थे।

वांजुन शी के मुताबिक, दिल्ली में हुई इस घटना के बाद जिनपिंग की मेडिकल टीम ने उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। सोशल मीडिया के इस दावे में यह भी कहा गया है कि शी जिनपिंग को इस बात की चिंता थी कि भारतीय पक्ष को उनकी सेहत से जुड़ी गोपनीय जानकारियां न मिल जाएं। इसी वजह से उन्होंने भारत के किसी अस्पताल में इलाज कराने से मना कर दिया और तुरंत एक विशेष विमान के जरिए बीजिंग लौटने का फैसला किया।

विपक्षी नेता का आरोप है कि उड़ान के दौरान सर्जरी की सुविधाएं न होने के कारण डॉक्टरों की टीम केवल जीवनरक्षक दवाएं ही दे सकी, जिससे उन्हें सही समय पर आपातकालीन इलाज नहीं मिल पाया। बीजिंग पहुंचने पर उन्हें '301 अस्पताल' (PLA General Hospital) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर इस्केमिक स्ट्रोक (दिमाग में खून का थक्का जमना) से पीड़ित बताया। इस दावे में यह अटकल भी लगाई गई है कि बिगड़ती सेहत के कारण उनका आगामी अमेरिका दौरा रद्द हो सकता है।

हालांकि आपको बता दें कि अभी तक इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट सरकार या भारत के अधिकारियों की तरफ से इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है। चीनी आधिकारिक मीडिया के अनुसार, शी जिनपिंग ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सामान्य रूप से बीजिंग लौटे थे। फिलहाल, इसे केवल एक असत्यापित और सोशल मीडिया आधारित दावा ही माना जा रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article