क्रिकेट

IND vs AFG T20: क्लीन स्वीप करने उतरेगा भारत, सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका

टी20 सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ गुरुवार को आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगी। आखिरी मैच में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। अब तक के चयन से यह स्पष्ट हो गया है कि भारत सूर्यवंशी को जगह देने के लिए कोई विशेष प्रयास करने को तैयार नहीं है।

Image

वैभव सूर्यवंशी को तीसरे टी20 मैच में मिल सकता मौका।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पहले दोनों मैच जीत कर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ गुरुवार को आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इस मैच में भारतीय प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकती है और वैभव सूर्यवंशी को मौका मिल सकता है। भारतीय टीम ने पहले दो मैच में दमदार प्रदर्शन किया और अफगानिस्तान को खेल के हर विभाग में पस्त किया।

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने मंगलवार को दूसरे मैच के बाद कहा कि अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले तीसरे और अंतिम मैच में टीम संयोजन में बदलाव हो सकता है। ताकि सभी खिलाड़ियों को 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों के लिए जापान रवाना होने से पहले जरूरी मैच अभ्यास का मौका मिल सके। अब तक के चयन से यह स्पष्ट हो गया है कि भारत सूर्यवंशी को जगह देने के लिए कोई विशेष प्रयास करने को तैयार नहीं है। सूर्यवंशी ने जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर डेब्यू किया था, क्योंकि तब संजू सैमसन फॉर्म में नहीं थे।

सैमसन और अभिषेक फॉर्म में

अब सैमसन और अभिषेक शर्मा दोनों ही अच्छी फॉर्म में हैं। यह दोनों खिलाड़ी एक ही प्रारूप में नियमित रूप से खेलते हैं और इसलिए वह भी विश्राम नहीं लेना चाहेंगे। ऐसे में टीम प्रबंधन को बदलाव का फैसला करना होगा। ईशान किशन को आराम देकर सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का विकल्प भी मौजूद है। किशन ने राष्ट्रीय टीम में शामिल होने से पहले दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन की कप्तानी की थी। सैमसन मौजूदा सीरीज में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

नीतीश और शिवम को नहीं मिली है बल्लेबाजी

इसके साथ ही टीम प्रबंधन चाहेगा कि अय्यर और तिलक वर्मा को क्रीज पर कुछ समय बिताने का मौका मिले। क्योंकि, शुरुआती दो मैचों में शीर्ष तीन बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से बाकी बल्लेबाजों को खेलने का खास मौका नहीं मिला। आलम यह है कि नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों को अभी तक बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला है। नीतीश कुमार रेड्डी ने मंगलवार को दूसरे मैच में 24 रन देकर तीन विकेट लिए जो टीम के लिए अच्छा संकेत है।

उन्हें चोटिल हार्दिक पांड्या के बैकअप के रूप में देखा जाता है। चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह खेल रहे रवि बिश्नोई ने दूसरे मैच अच्छा प्रदर्शन किया और उन्हें एक और मौका दिए जाने की संभावना है। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह हमेशा की तरह प्रभावशाली रहे। अफगानिस्तान को पावरप्ले में भारत के अनुभवी तेज गेंदबाजों का सामना करने का तरीका ढूंढना होगा। बल्लेबाजी में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और यही वजह है कि वह भारत के सामने कड़ी चुनौती पेश नहीं कर पाया है।

टीम इस प्रकार हैं:-

अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, नूर अहमद, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), गुलबदीन नैब, मुजीब उर रहमान, नूर उल रहमान, मोहम्मद नबी, फजलहक फारूकी, सेदिकुल्लाह अटल, राशिद खान, दरविश रसूली, नांगेयालिया खरोती, नवीन-उल-हक, अब्दुल्ला अहमदजई।

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, यश ठाकुर।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article