क्रिकेट

भारतीय वनडे टीम में 8 बड़े बदलाव, नमन धीर और आकिब नबी को पहली बार मिली जगह

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। पंजाब के युवा हरफनमौला नमन धीर और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार वनडे टीम में जगह मिला है, जबकि अनुभवी हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत अलग-अलग कारणों से टीम में जगह नहीं बना सके। टीम में 8 बड़े बदलाव किए हैं।

Image

भारतीय वनडे टीम में हुए 8 बड़े बदलाव। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। वेस्टइंडीज के इस दौरे का पहला मैच तिरुवनंतपुरम में खेला जायेगा। हार्दिक के 20 सितंबर को फिट घोषित किए जाने की संभावना है, लेकिन राष्ट्रीय चयन समिति उन्हें तभी टीम में चुनेगी जब वह भारत ’ए’ के लिए 10 ओवर गेंदबाजी करके अपनी फिटनेस साबित कर देंगे। घोषित हुई वनडे टीम में 8 बड़े बदलाव किए हैं।

चयन समिति ने नितीश कुमार रेड्डी को एशियाई खेलों की टीम से हटाकर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है तो वहीं, अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की भी वनडे टीम में वापसी हुई है। नमन धीर को घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए और आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए किए गए प्रभावी प्रदर्शन का इनाम मिला है।

जुरैल ने मारी बाजी

दूसरी ओर नबी ने इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में सरे के लिए दमदार प्रदर्शन कर पहली बार राष्ट्रीय वनडे टीम में जगह बनाई है। इसके अलावा रुतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसावल को टीम में वापसी हुई है। गायकवाड़, श्रेयस अय्यर की जगह नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतर सकते हैं। वहीं, दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज की रेस में ध्रुव जुरैल ने बाजी मारी और ऋषभ पंत को पीछे छोड़ टीम में अपनी जगह पक्की की।

भारतीय वनडे टीम में हुए बड़े बदलाव-

  • श्रेयस की जगह, ऋतुराज गायकवाड़ शामिल
  • यशस्वी जायसवाल की वापसी
  • ध्रुव जुरेल दूसरे विकेटकीपर के तौर पर शामिल
  • आकिब नबी को पहली बार मिला मौका
  • नमन धीर को पहली बार मिला मौका
  • हार्दिक की जगह नितीश कुमार रेड्डी शामिल
  • रवींद्र जडेजा की हुई वापसी
  • बुमराह की जगह मोहम्मद सिराज शामिल

जडेजा की वापसी से टीम को मिलेगा फायदा

जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच खेलने वाले रवींद्र जडेजा को इंग्लैंड दौरे से बाहर रखा गया था। वह वनडे टीम का हिस्सा नहीं थे। ऐसे में माना जा रहा था कि उनका वनडे करियर समाप्त होने वाले है। हालांकि, 8 महीने बाद उन्हें एक बार फिर वनडे टीम में शामिल कर लिया गया है। वहीं, 8 महीने के बाद मोहम्मद सिराज की भी वापसी हुई है। वह जसप्रीत बुमराह की जगह तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे। वेस्टइंडीज के खिलाफ यह सीरीज चयनकर्ताओं को नए खिलाड़ियों और अनुभवी खिलाड़ियों को परखने का मौका देगी। जडेजा की वापसी से टीम में अनुभव का भी इजाफा होगा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article