स्पोर्ट्स

हॉकी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत में टीम नहीं भेजेगा पाकिस्तान ,मैच वेन्यू चेंज कराने का अनुरोध

पाकिस्तान ने भारत के साथ संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति का हवाला देते हुए बुधवार को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) के लिए अपनी पुरुष राष्ट्रीय हॉकी टीम को मेजबान देश भेजने से इनकार कर दिया और एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) से टूर्नामेंट या उसके सभी मुकाबलों को तटस्थ स्थल पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया।

Image

भारत नहीं आएगी पाकिस्तान की टीम। फोटो- सोशल मीडिया

पाकिस्तान ने भारत के साथ संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति का हवाला देते हुए बुधवार को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) के लिए अपनी पुरुष राष्ट्रीय हॉकी टीम को मेजबान देश भेजने से इनकार कर दिया और एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) से टूर्नामेंट या उसके सभी मुकाबलों को तटस्थ स्थल पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया। पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने कहा कि वह मेंस एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की निर्बाध और पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तटस्थ स्थल चाहता है। टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक मोहाली और जालंधर में आयोजित किया जाएगा।

पीएचएफ के अंतरिम अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने एक बयान में कहा कि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट या पाकिस्तान के सभी मुकाबलों को तटस्थ स्थल पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है। वानी ने बयान में कहा, यह फैसला पाकिस्तान और भारत के बीच मौजूदा संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति तथा मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए सुरक्षित, गरिमापूर्ण और अनुकूल माहौल सुनिश्चित करना है।

टूर्नामेंट खेलना चाहता है पाकिस्तान

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और वैश्विक स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वानी ने कहा, हम मैदान पर भारत के साथ-साथ एफआईएच के सभी सदस्य देशों का सामना करने के लिए तैयार हैं और खेल को राजनीति से मुक्त रखने के सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि एशियाई हॉकी महासंघ टूर्नामेंट में पाकिस्तान की निर्बाध और पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तटस्थ स्थल के हमारे गरिमापूर्ण प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करेगा।

भारत ने खारिज किया अनुरोध

एएचएफ के उपाध्यक्ष और हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने इस अनुरोध को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि आयोजन स्थल में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

भोला नाथ ने पीटीआई से कहा, इस तरह के किसी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। आयोजन स्थल में कोई बदलाव नहीं होगा। अतीत में भी पाकिस्तान ने ऐसा किया है। अगर वे एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में खेलना चाहता है तो उन्हें भारत आना होगा। हमारे पास बांग्लादेश और ओमान की दो टीम हैं जो पाकिस्तान की जगह ले सकती हैं।

भगवंत मान ने किया था दावा

यह घटनाक्रम पीएचएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा पीटीआई को यह बताए जाने के कुछ ही घंटे बाद हुआ कि सरकार ने राष्ट्रीय टीम के भारत दौरे को मंजूरी नहीं दी है। यह बात भारत के पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दावे के विपरीत है। मान ने हॉकी इंडिया के सचिव भोला नाथ सिंह के साथ एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की भागीदारी की पुष्टि की थी। उन्होंने जोर देकर कहा था कि भारत की खेल नीति पाकिस्तान को देश में होने वाले बहुराष्ट्रीय खेल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति देती है।

पाकिस्तान ने सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए पिछले साल तमिलनाडु में आयोजित एफआईएच जूनियर विश्व कप और एशिया कप से भी अपना नाम वापस ले लिया था। महाद्वीप के इस प्रमुख टूर्नामेंट भारत, पाकिस्तान, मलेशिया, चीन, जापान और कोरिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article