क्रिकेट

रचिन रवींद्र ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे किए 4,000 रन, खास क्लब में हुए शामिल

कीवी बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4,000 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने यह मुकाम तीसरे टेस्ट के दौरान हासिल किया। इस दौरान रचिन रवींद्र 90 गेंद में 60 रन की पारी खेलकर नाबाद थे।

Image

रचिन रवींद्र (साभार-X)

शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट में न्यूजीलैंड के बैटर रचिन रवींद्र ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4,000 रन पूरे कर लिए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक जब न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 120 रन था और उसने 204 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली थी। इस दौरान रचिन रवींद्र 90 गेंद में 60 रन की पारी खेलकर नाबाद थे।

115वें मैच में किया धमाल

रचिन रवींद्र ने न्यूजीलैंड के लिए अब तक तीनों फॉर्मेट में 115 मैच में 36.82 की औसत से 4,014 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 10 शतक और 17 अर्धशतक जड़े हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 240 रन रहा है। 34 टेस्ट में रचिन ने 48.18 की औसत से 1,831 रन बनाए। इस दौरान 5 शतक और 7 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 240 रन है।

इसके अलावा 39 वनडे मैचों में उन्होंने 41.88 की औसत से 1,424 रन बनाए हैं, जिसमें पांच शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 123 रन नाबाद है। सबसे छोटे फॉर्मेट की बात करें उन्होंने 52 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों और 46 पारियों में उन्होंने 20.51 की औसत और 135.29 के स्ट्राइक रेट से 759 रन बनाए हैं, जिसमें चार अर्धशतक और 69 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर शामिल है।

मैच की बात करें तो, न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टॉम लैथम (214 गेंदों में 15 चौकों सहित 151 रन) और डेवन कॉन्वे (224 गेंदों में 22 चौकों और तीन छक्कों सहित 157 रन) के बीच 317 रनों की साझेदारी ने कीवी टीम को 438 रनों तक पहुंचाया। कप्तान बेन स्टोक्स (4/70) ने इंग्लैंड के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज जैक्स कैलिस के साथ 7,000 से अधिक रन और 250 विकेट टेस्ट क्लब में शामिल होने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए।

अपनी पहली पारी में इंग्लैंड ने 354 रन बनाए, जिसमें बेन डकेट (99 गेंदों में 113 रन, 19 चौकों सहित) का शतक, जैकब बेथेल (133 गेंदों में 74 रन, 9 चौकों सहित) और हैरी ब्रूक (80 गेंदों में 58 रन, 5 चौकों सहित) के अर्धशतक शानदार रहे। न्यूजीलैंड की ओर से नाथन स्मिथ (4/91) और विल ओ'रूर्क (3/53) ने बेहतरीन गेंदबाजी की। इंग्लैंड न्यूजीलैंड से 84 रनों से पीछे रहा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article