शहर

अब हरिद्वार तक जाएगा Ganga Expressway, विस्तार को योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ कैबिनेट ने Ganga Expressway को मेरठ से हरिद्वार तक विस्तार देने के प्रस्ताव को आज मंजूरी दे दी है। इस लिंक एक्सप्रेसवे में लगभग 147 किलोमीटर का नया हिस्सा यूपी और उत्तराखंड को जोड़ेगा।

Image

गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक ले जाने को योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे Ganga Expressway को अब हरिद्वार तक ले जाने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की अध्यक्षता में हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में मेरठ से हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार को मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्रयागराज से हरिद्वार तक एक्सप्रेसवे के जरिए सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी।

प्रस्तावित विस्तार में करीब 117 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा, जबकि लगभग 30 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड में बनाया जाएगा। छह लेन का यह ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे भविष्य की जरूरतों के मुताबिक आठ लेन तक विस्तार योग्य बनाया जा सकता है।

741 किलोमीटर का हो जाएगा गंगा एक्सप्रेसवे

मेरठ से प्रयागराज तक मौजूदा गंगा एक्सप्रेसवे की लंबाई लगभग 594 किलोमीटर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अप्रैल 2026 को इसके उद्घाटन के दौरान एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक विस्तार देने की घोषणा की थी। नया लिंक बनने के बाद पूरे गंगा एक्सप्रेसवे नेटवर्क की लंबाई करीब 741 किलोमीटर तक पहुंच सकती है।

परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 10 हजार, 760 करोड़ रुपये बताई गई है। नए एक्सप्रेसवे का अलाइनमेंट अमरोहा के रिखालू गांव से शुरू होकर बिजनौर के रास्ते उत्तराखंड में हरिद्वार तक पहुंचाने का प्रस्ताव है।

अमरोहा और बिजनौर को भी मिलेगा फायदा

इस परियोजना से अमरोहा, बिजनौर और हरिद्वार के अलावा मेरठ और आसपास के कई क्षेत्रों को बेहतर एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी मिलेगी। प्रस्तावित मार्ग बिजौली, खड़खौदा, मवाना और हस्तिनापुर के आसपास के इलाकों से होकर आगे बढ़ सकता है। इसके बाद मुजफ्फरनगर-बिजनौर सीमा, मंडावर, नांगल सोती और कीरतपुर क्षेत्र होते हुए उत्तराखंड सीमा तक पहुंचाने की योजना है। हरिद्वार में यह एक्सप्रेसवे लक्सर, रुड़की के बाहरी क्षेत्रों और बहादराबाद-ज्वालापुर के आसपास के इलाकों को भी बेहतर कनेक्टिविटी दे सकता है।

100 गांवों में होगा भूमि-अधिग्रहण

परियोजना के लिए अलाइनमेंट सर्वे और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी तैयारियां पहले से चल रही हैं। मंजूरी के बाद लगभग 100 गांवों से संबंधित जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। एक्सप्रेसवे के बनने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच आवागमन तेज होने के साथ धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान होने की उम्मीद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article