कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। इससे बचने के लिए उसे 39 रन और बनाने हैं। बारिश की बाधा के बीच तीसरे दिन श्रीलंका ने 503 रन का पीछा करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 265 रन बना लिए हैं। सोनल दिनुशा 137 गेंद में 85 रन बनाकर नाबाद हैं। दिनुशा श्रीलंका की एकमात्र उम्मीद बनकर टीम इंडिया की राह में खड़े हैं। इतना ही नहीं इस पारी के दम पर दिनुशा इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गए। वह भारत के खिलाफ पहले 3 टेस्ट पारी में 80 प्लस रन बनाने वाले श्रीलंका के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
केवल 3 बल्लेबाज कर पाएं हैं यह कारनामा
भारत के खिलाफ अपने शरुआती 3 पारी में 80 प्लस रन बनाने के मामले में सोनल केवल तीसरे बल्लेबाज हैं। इससे पहले पाकिस्तान के जहीर अब्बास और वेस्टइंडीज के एवर्टन वीक्स ने यह कारनामा किया था। जहीर अब्बास ने अपने शुरुआती तीन पारी में भारत के खिलाफ 176, 96 और नाबाद 235 रन बनाए थे, जबकि एवर्टन ने 128, 194, 162) रन की पारी खेली थी। सोनल ने गॉल टेस्ट की पहली पारी में 100, दूसरी पारी में 84 रन बनाए थे। वह कोलंबो टेस्ट में फिलहाल 85 रन बनाकर नाबाद हैं।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- IND vs SL: बारिश ने कारण जल्दी रोका गया तीसरे दिन का खेल, श्रीलंका पर फॉलोऑन का खतरा
स्पिन के खिलाफ शानदार बैटिंग
इतना ही नहीं सोनल दिनुशा ने दिखाया है कि उन्हें स्पिन के खिलाफ बल्लेबाजी करने में महारथ हासिल है। उन्होंने अपने छोटे से टेस्ट करियर में 284 रन स्पिन के खिलाफ बनाए हैं। इतना ही नहीं 284 में से 122 रन उन्होंने स्वीप शॉट के जरिए बनाए हैं।
मैच की बात करें तो भारत के 503 रन के जवाब में श्रीलंका ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 8 विकेट के नुकसान पर 265 रन बना लिए हैं। भारत की पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम अब भी 238 रन पीछे है, जबकि फॉलोऑन से बचने के लिए उसे 39 रन और बनाने हैं। भारत दो मैच की सीरीज में 1-0 से आगे है। उसने गॉल टेस्ट 165 रन से जीता था।
