गाना (Gaana) और फेनिक्स360 (FENIX360) ने म्यूजिक फैंस और कलाकारों के लिए एक नई पहल की है। दोनों कंपनियां एक ऐसा नया सिस्टम लाने जा रही हैं, जिसमें कलाकार और उनके फैंस एक ही प्लेटफॉर्म पर सीधे जुड़ सकेंगे। इस साझेदारी की जानकारी मुंबई में हुए ऑल अबाउट म्यूजिक कार्यक्रम में दी गई। बताया गया कि साल के अंत तक गाना ऐप में इसके शुरुआती फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। आइए जानते हैं इस नई साझेदारी से कलाकारों और फैंस को क्या फायदा होगा। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-'खत्म क्यों नहीं होने देते...' Kangana Ranaut को लेकर ये क्या बोल गईं Taapsee Pannu)
एक ही ऐप पर कलाकारों और फैंस की होगी मुलाकात
गाना और फेनिक्स360 का मकसद कलाकारों और उनके फैंस को एक-दूसरे के और करीब लाना है। इसके लिए गाना ऐप में जल्द एक नई सोशल फीड शुरू की जा सकती है। इसमें कलाकार अपने गानों, काम, फोटो और वीडियो को सीधे फैंस के साथ शेयर कर सकेंगे। फैंस भी बिना किसी दूसरे ऐप पर जाए अपने पसंदीदा कलाकारों को खोज सकेंगे, उन्हें फॉलो कर सकेंगे और उनके साथ जुड़ सकेंगे। इस नए सिस्टम से कलाकारों को सिर्फ गाने सुनने से होने वाली कमाई पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे अपना ऑनलाइन स्टोर बना सकेंगे और सामान या डिजिटल चीजें बेच सकेंगे। इसके अलावा कलाकार अपने लाइव शो के टिकट भी बेच सकेंगे। वे ऐसे लाइव शो भी कर सकेंगे, जिन्हें देखने के लिए फैंस को पैसे देने होंगे। फैंस अपने पसंदीदा कलाकारों को सीधे आर्थिक मदद भी दे सकेंगे।
फेनिक्स360 की ओर से कलाकारों के लिए एक अलग ऐप भी दिया जाएगा। इसमें कलाकार फोटो, वीडियो और दूसरे तरह का कंटेंट आसानी से अपलोड कर सकेंगे। साथ ही उन्हें अपने फैंस से जुड़ी जरूरी जानकारी भी मिलेगी। इससे कलाकार अपने फैंस को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे और अपनी फैन कम्युनिटी को आसानी से संभाल सकेंगे। फेनिक्स360 के कमाई वाले मॉडल की एक खास बात यह है कि कलाकारों को इससे होने वाली कमाई का 70 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। इससे कलाकारों के पास अपनी कमाई बढ़ाने के नए मौके होंगे। साथ ही वे अपने काम के आसपास एक मजबूत फैन कम्युनिटी भी बना सकेंगे।
गाना चलाने वाली कंपनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क इंडिया लिमिटेड (ईएनआईएल) के सीईओ यतिश मेहरिशी ने कहा कि म्यूजिक ऐप सिर्फ गाने सुनने तक सीमित नहीं रहने चाहिए। ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां कलाकार और उनके फैंस आसानी से एक-दूसरे से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि फेनिक्स360 के साथ मिलकर गाना इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं, फेनिक्स360 के फाउंडर और सीईओ एलन मार्क क्लेपफिस्ज ने कहा कि स्ट्रीमिंग ने लोगों के गाने सुनने का तरीका बदल दिया है। अब कोशिश है कि इसका फायदा कलाकारों को भी ज्यादा मिले। उन्होंने कहा कि गाना के साथ यह साझेदारी कलाकारों को अपने फैंस से सीधे जुड़ने और कमाई के नए मौके देने में मदद करेगी।
