क्रिकेट

RR vs CSK: 'सूर्यवंशी 6-7 ओवर भी खेल गया तो...' दिग्गज खिलाड़ी ने दी CSK को चेतावनी, वैभव को बताया बड़ा खतरा

RR vs CSK IPL 2026 Match: आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स चेन्नई सुपर किंग्स की मेजबानी करने को तैयार है। गुवाहाटी के बरसापारा में दोनों टीमें आज शाम को आमने-सामने होंगी। मैच से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी पीयूष चावला ने टीम को बड़ी चेतावनी दी है। चावला ने वैभव सूर्यवंशी को सीएसके के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया है।

Image

वैभव सूर्यवंशी को लेकर पीयूष चावला का बड़ा बयान।

Rajasthan Royals vs Chennai Super Kings IPL 2026 Match: आईपीएल के 19वें सीजन के तीसरे मुकाबले में राजस्थान का सामना चेन्नई से है। राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच आईपीएल के इतिहास में अब तक कुल 31 मैच खेले गए हैं। इनमें से 15 मैच में राजस्थान और 16 में चेन्नई सुपर किंग्स ने जीते हैं। दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है।

पिछले सीजन दोनों टीमों के बीच दो मैच खेले गए थे। दोनों ही मैच में बाजी राजस्थान के हाथ लगी थी। राजस्थान ने दोनों ही मैच लक्ष्य को पीछा करते हुए जीते थे। राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए पिछले 5 मैच में भी मुकाबला एक तरफा रहा है। राजस्थान ने इनमें से 4 मैच में जीत दर्ज की जबकि सीएसके एक बार जीत का स्वाद चख सकी।

वैभव को बताया CSK के लिए खतरा

ऐसे में युवा टीम के साथ सीएसके इस समीकरण को इस बार बदलने की पुरजोर कोशिश करेगी। वहीं,मैच से पहले पूर्व भारतीय खिलाड़ी पीयूष चावला ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को सीएसके लिए सबसे बड़ा खतरा बताया है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो के शो टाइम आउट में बात करते हुए पीयूष चावला ने यह बात कही।

'अभिषेक शर्मा की नजर आती है छवि'

पीयूष चावला ने कहा, टीमें अब वैभव सूर्यवंशी के बारे में प्लान करके आएंगी। क्योंकि वो एक ऐसा खिलाड़ी है, अगर वह 6 से 7 ओवर भी खेलेगा तो वो गेम आपसे दूर ले जा सकता है। हम बात करते हैं अभिषेक शर्मा की, वैसे ही कुछ छवि नजर आती है वैभव सूर्यवंशी में। मुझे ऐसा लगता है कि शुरू को जो गेम हैं उनमें उन्हें अपने खेलने का तरीका बदलना होगा।

तैयारी के साथ आएंगी टीमें

पीयूष ने आगे कहा, पहले साल जब वह आए तो किसी ने सोचा नहीं था कि पहली गेंद पर वह सिक्स मार देंगे। अब टीमें सतर्क हो गई हैं। वो समझ गई हैं कि ये उस तरह का खिलाड़ी है कि यह पहली गेंद पर ही सिक्स मार सकता है, तो गेंदबाज अपनी लेंथ में बदलाव करेंगे। पिछले साल उन्हें किसी ने इतना ज्यादा खेलते हुए नहीं देखा था। लेकिन इस बार टीमें पूरी तैयारी के साथ आएंगी।

हर पांचवीं गेंद पर जड़ा था सिक्स

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल 2025 में कुल 24 छक्के लगाए थे। हर पांचवीं गेंद पर एक सिक्स जड़ा था। पीयूष चावला ने आईपीएल 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेला था। उन्हें 2020 की नीलामी में 6.75 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। एमएस धोनी की कप्तानी में वह चेन्नई के लिए खेले थे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article