क्रिकेट

Paris Olympics 2024: मनु भाकर के कोच को मिल सकता है बड़ा इनाम, यहां होगी जल्द वापसी

Paris Olympics 2024, Manu Bhaker personal coach Jaspal Rana: भारतीय युवा शूटर मनु भाकर का पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने दो अलग-अलग शूटिंग इवेंट में देश को मेडल दिया। अब उनकी सफलता का इनाम उनके निजी कोच को मिल सकता है।

Image

ओलंपिक मेडल के साथ मनु भाकर। (फोटो- Manu Bhaker X)

Photo : Twitter

Paris Olympics 2024, Manu Bhaker personal coach Jaspal Rana: मनु भाकर के दोहरे ओलंपिक पदक विजेता के रूप में उल्लेखनीय प्रदर्शन के पीछे जसपाल राणा के योगदान ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है और अब राष्ट्रीय निशानेबाजी महासंघ द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच को अपने खेमे में वापस लाने पर विचार कर रहा है। राणा का काम करने का अपना तरीका है और उनके इस तरीके के कारण पिछले कुछ वर्षों में भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) से विवाद रहा है।

पूर्व अध्यक्ष रनिंदर सिंह के खेल संहिता के कारण पद छोड़ने के बाद से एनआरएआई का नेतृत्व कर रहे कलिकेश नारायण सिंह देव ने कहा, ‘अब, ‘पुराने मुद्दों’ को सुलझा लिया गया है।’ मनु के निजी कोच के रूप में अपने बेहद सफल दूसरे कार्यकाल के बाद, राणा को भारतीय निशानेबाजी प्रणाली में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। दोनों के बीच मतभेद के तीन साल बाद अब चर्चा है कि उन्हें हाई परफार्मेंस निदेशक या राष्ट्रीय पिस्टल कोच बनाया जा सकता है।

इस महान निशानेबाज ने पहले जूनियर राष्ट्रीय पिस्टल कोच के रूप में काम किया था और मनु के साथ कई अन्य युवा निशानेबाजों की प्रगति में अहम भूमिका निभाई थी। एनआरएआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सिंह देव ने कहा, ‘‘जसपाल मनु के निजी कोच रहे हैं और उन्होंने शानदार योगदान दिया है। मुझे नहीं लगता कि हमने कभी जसपाल के योगदान को नजरअंदाज किया है।’ उन्होंने कहा, ‘‘पहले कुछ मुद्दे थे, जाहिर तौर पर उन्हें सुलझा लिया गया है, वह पिछले कई महीनों से मनु के साथ काम कर रहे हैं और यह एनआरएआई की सहमति और अनुमोदन से हुआ है।’

मनु ने 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीत कर पेरिस ओलंपिक में भारत का खाता खोला था। इस तरह से वह ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनी थी। इसके बाद उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल में मिश्रित टीम का कांस्य पदक भी जीता। वह इसके बाद 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में शूट ऑफ में कांस्य पदक जीतने से चूक गयी। इस बीच स्वप्निल कुसाले 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में पदक (कांस्य) जीतने वाले पहले भारतीय बने। सिंह देव ने कहा, ‘हम तीन पदक जीतने में सफल रहे। हम चार अन्य स्पर्धाओं के फाइनल में पहुंचे और बेहद मामूली अंतर से कुछ पदक जीतने से चूक गये।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article