दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के खिलाफ लगातार दूसरा टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में टीम इंडिया एकमात्र बदलाव के साथ उतरी। चोट के कारण सीरीज से बाहर हो चुके वरुण चक्रवर्ती की जगह करते रवि बिश्नोई को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। अफगानिस्तान की टीम बिना किसी बदलाव के उतरी। पारी का आगाज करने के लिए एकबार फिर रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान की जोड़ी उतरी।
पहला ही ओवर बुमराह ने डाला मेडन
टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने उसी अंदाज से गेंदबाजी की शुरुआत की जैसे पहले मैच में छोड़ा था। उन्होंने पहला ही ओवर मेडन डाला और अफगानी जोड़ी को एक-एक रन के लिए तरसा दिया। बुमराह के सभी 6 गेंदो पर अफगानिस्तान के कप्तान छटपटाते रह गए लेकिन कुछ कर नहीं पाए।
दूसरी बार खाता नहीं खोल पाए गुरबाज
पहले मैच में शून्य पर आउट होने वाले रहमानुल्लाह गुरबाज से इस मैच में अच्छी पारी की उम्मीद थी, लेकिन इस बार भी वह खाता नहीं खोल पाए। हालांकि, इस बार गेंदबाज अर्शदीप सिंह थे, जिन्होंने रवि बिश्नोई के हाथों कैच करवाया। यानी दो मैच खेलने के बाद भी गुरबाज का खाता नहीं खुला है। अर्शदीप ने इस ओवर में केवल दो रन खर्चे। नतीजा अफगानिस्तान के नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया।
सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड
दो ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर दो रन था। यह टी20 क्रिकेट में दो ओवर की समाप्ति के बाद उनका अब तक का सबसे कम स्कोर था। इससे पहले दो बार अफगानिस्तान ने दो ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 3 रन बनाए थे। अफगानिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ और एशिया कप 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ दो ओवर के बाद यह स्कोर बनाया था।
