Women's Asia Cup 2026 Trophy Controversy: विदेश मंत्रालय ने महिला एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर अपनी स्थिति साफ कर दी है। MEA ने कहा कि भारतीय महिला टीम का ACC अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी न लेना BCCI के अधिकार क्षेत्र का मामला है। दरअसल, हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने रविवार को फाइनल जीतने के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में हिस्सा नहीं लिया था। टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था, जिसकी वजह सीमा पार आतंकवाद और ऑपरेशन सिंदूर को बताया जा रहा है।
पुरुष टीम ने भी नहीं ली थी ट्रॉफी
यह ठीक वैसा ही फैसला है जैसा पिछले साल सितंबर में मेंस एशिया कप जीतने के बाद भारतीय पुरुष टीम ने लिया था। मंगलवार को दिल्ली में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से पूछा गया कि क्या यह मामला मंत्रालय के दायरे में आता है। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि यह पूरी तरह BCCI के क्षेत्राधिकार में आता है।
भारतीय खिलाड़ी मंच पर भी नहीं पहुंचे
पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने मोहसिन नकवी से रनर-अप का चेक लिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी मंच से नदारद रहीं। ट्रॉफी उठाने या उसके साथ जश्न मनाने की कोई तस्वीर सामने नहीं आई, क्योंकि श्रीलंका की प्रेजेंटेशन के बाद प्रसारण सीधे स्टूडियो में चला गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी को ड्रॉप करने पर मेरी पत्नी भड़क गईं, भारत के किस दिग्गज क्रिकेटर ने किया खुलासा
पूरे टूर्नामेंट में अजेय थी भारतीय टीम
इससे पहले टीम इंडिया अपने खेमे में जश्न मना रही थी, जहां कोच अमोल मजूमदार ने खिलाड़ियों को संबोधित किया। BCCI सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने दो कैच लेने वाली नंदनी शर्मा को 'फील्डर ऑफ द मैच' मेडल दिया और टीम को बधाई दी। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए 183/5 बनाकर श्रीलंका को 111 पर रोक दिया और आठवीं बार एशिया कप जीता। गौरतलब है कि अब तक 10 बार एशिया कप टूर्नामेंट का आयोजन हुआ है, इसमें सिर्फ एक बार श्रीलंका और एक बार बांग्लादेश की टीम को जीत मिली है। भारतीय टीम ने एशिया कप में पूरी तरह अपना दबदबा बरकरार रखा है।
