देश

Gurugram hit-and-run Case:'वे नशे में चूर थे, जानबूझकर मेरा पीछा किया', बाइकर सिया ने बताया-घटना के समय क्या हुआ था

समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए सिया ने बताया कि अकेली महिला बाइक सवार के तौर पर उन्होंने किस तरह डर का सामना किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) की प्रमुख सड़कों पर महिला यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए।

Image

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड की घटना।

Gurugram hit-and-run Case: गुरुग्राम हिट एंड रन केस की पीड़िता बाइकर सिया ने बीते रविवार को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया है। सिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस कार ने उसे टक्कर मारी, उसमें कई लोग सवार थे और उसे लगता है कि वे सभी नशे में थे। उन्होंने जानबूझकर उसकी बाइक में टक्कर मारी। गुरुग्राम पुलिस मंगलवार को सिया के दक्षिणी दिल्ली स्थित आवास आई और औपचारिक रूप से उसका बयान दर्ज किया। साथ ही आरोपी के खिलाफ एफआईआर में 'हत्या के प्रयास' की धारा भी जोड़ी गई।

बयान दर्ज करने आए गुरुग्राम सेक्टर 56 पुलिस थाने के एसएचओ मनोज कुमार ने कहा कि हम पीड़िता का बयान दर्ज करने आए हैं। एफआईआर दर्ज हो गई है, एफआईआर में नई धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

महिला यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठाए

समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए सिया ने बताया कि अकेली महिला बाइक सवार के तौर पर उन्होंने किस तरह डर का सामना किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) की प्रमुख सड़कों पर महिला यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'एक महिला राइडर के तौर पर मेरा पहला ख्याल यही था कि उस दिन दिल्ली और गुरुग्राम की सड़कों पर मैं बिल्कुल सुरक्षित महसूस नहीं कर रही थी। मेरे आसपास दूसरे राइडर्स मौजूद थे, फिर भी मुझे लगा कि अगर मैं अकेले बाइक लेकर निकलूं तो मुझे दो बार सोचना पड़ेगा।' हादसे से पहले की घटनाओं का जिक्र करते हुए सिया ने बताया कि कैसे कार ने उनका पीछा किया और उन्हें डराने की कोशिश की।

मुझे रुकने का इशारा कर रहे थे-सिया

उन्होंने कहा, 'सबसे पहले अंडरपास पर मैंने देखा कि कार तेज रफ्तार से मेरे पास से निकली। इसके बाद उसने रफ्तार धीमी की और मेरे पीछे थोड़ा करीब आ गई। दूसरी बार, जब वे मेरी बाइक के बराबर आए, खिड़की नीचे की और कुछ कहने लगे, तब मैंने उन पर ध्यान दिया। उन्होंने कार को धीरे-धीरे मेरी तरफ बढ़ाना शुरू कर दिया और मुझे रुकने का इशारा कर रहे थे। मैं बहुत डर गई थी। उनके चेहरे से साफ लग रहा था कि उन्होंने शराब पी रखी थी। कार में एक और व्यक्ति भी था और उसकी खिड़कियों पर पूरी तरह काली फिल्म लगी हुई थी।'

'यह साफ तौर पर हिट एंड रन का मामला'

ड्राइवर के इस बचाव को खारिज करते हुए कि टक्कर गलती से हुई या वाहन का संतुलन बिगड़ गया था, सिया ने कहा कि कार की दिशा और उसके मूवमेंट से जानबूझकर पीछा करने और टक्कर मारने की बात साफ होती है। उन्होंने कहा, 'उन्होंने जानबूझकर मेरा पीछा किया। मैं जिस भी रफ्तार से चल रही थी, वे उससे काफी तेज गाड़ी चला रहे थे और लगातार दूरी कम करके मेरे बिल्कुल पास आने की कोशिश कर रहे थे। आप इसे सिर्फ गलती कैसे कह सकते हैं? वीडियो में साफ दिख रहा है कि आप पहली लेन से तीसरी लेन में मुड़े, मुझे टक्कर मारी और फिर वहां से भाग गए। अगर गलती आपकी थी तो आपको रुकना चाहिए था। यह आपकी जिम्मेदारी थी कि आप रुककर देखें कि मुझे चोट लगी है या नहीं। वरना यह साफ तौर पर हिट एंड रन का मामला बनता है, या फिर हत्या के प्रयास का भी।'

पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सिया ने नाराजगी जताई

सिया ने कहा कि उन्होंने सुरक्षात्मक गियर पहन रखा था, जिसकी वजह से उन्हें और गंभीर चोटों से बचने में मदद मिली। उन्होंने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई। सिया ने कहा कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से वाहन का नंबर, रजिस्टर्ड मालिक का नाम और उसके पिता का नाम तक साझा कर दिया था, इसके बावजूद आरोपी खुलेआम घूमता रहा और टीवी चैनलों को इंटरव्यू देता रहा। उन्होंने कहा, 'मैंने रविवार रात वीडियो पोस्ट करते हुए वाहन का नंबर, रजिस्टर्ड मालिक का नाम और यहां तक कि उसके पिता का नाम भी बताया था। वीडियो वायरल होने और न्यूज चैनलों पर प्रसारित होने के बाद अगले दिन दोपहर में मुझे गुरुग्राम पुलिस की ओर से इंस्टाग्राम पर संदेश मिला। गोल्फ कोर्स रोड पर जगह-जगह CCTV कैमरे लगे हैं, फिर भी उस दिन वहां एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। हमारे देश में लोग सख्त कार्रवाई नहीं करते और यही वजह है कि लोग अपराध करने के बाद इतनी आसानी से घूमते रहते हैं और बच निकलते हैं।'

दौसा से गिरफ्तार हुआ आरोपी

सिया ने कहा कि वह इस मामले को उसके तार्किक निष्कर्ष तक लेकर जाएंगी। उन्होंने सड़क पर होने वाले रोड रेज और महिला यात्रियों के उत्पीड़न को रोकने के लिए कड़ी सजा की मांग की। उन्होंने कहा, 'मैं निश्चित तौर पर इस मामले पर चुप नहीं बैठूंगी। अगर आज मेरे साथ ऐसा हुआ है, तो कल किसी और लड़की या किसी दूसरे बाइक सवार के साथ भी हो सकता है। मैं चाहती हूं कि उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाए और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि एक मिसाल कायम हो।' इस बीच, गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को बाइक सवार सिया को कथित तौर पर टक्कर मारने के आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे जल्द ही गुरुग्राम लेकर आएगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article