क्रिकेट

खतरे में स्मृति मंधाना का सेंचुरी वाला रिकॉर्ड, बस एक कदम दूर हैं लौरा वुल्वार्ट

साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वुल्वार्ट ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा शतक जड़ दिया। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में उन्होंने यह विस्फोटक पारी खेली।

Image

लौरा वुल्वार्ट (साभार-X)

साउथ अफ्रीका ने कप्तान लौरा वुल्वार्ट की शतकीय पारी के दम पर जिम्बाब्वे को 80 रन से हराकर 5 मैच की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने लौरा वुल्वार्ट के 126*(62) रन की विस्फोटक पारी के दम पर एक विकेट के नुकसान पर 200 रन का स्कोर खड़ा किया और बाद में जिम्बाब्वे की पारी को 120 रन पर रोक दिया। जिम्बाब्वे की ओर से मिशेल मावुंगा ने 41 रन की पारी खेली। वुल्वार्ट के अलावा अफ्रीका की ओर से कराबो मेसो ने नाबाद 50 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 173(103) रन की साझेदारी की।

लौरा ने की मंधाना की बराबरी

लौरा की इस पारी से पहले विमेंस क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भारत की स्मृति मंधाना के नाम था। लौरा उनसे एक कदम दूर यानी 17 शतक जड़ चुकी थीं। लेकिन जैसे ही उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में अपना चौथा शतक जड़ा, उन्होंने मंधाना के 18 अंतरराष्ट्रीय शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वुल्वार्ट 126 रन की पारी खेलकर नाबाद रही जो टी20 में उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी है। इस पारी में उन्होंने 16 चौके और 4 छक्के जड़े।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक

स्मृति मंधाना 18

लौरा वोल्वाड्ट 18

मेग लैनिंग 17

हेली मैथ्यूज 15

सुज़ी बेट्स 14

टैमी ब्यूमोंट 14

मंधाना और वुल्वार्ट दोनों के पास मौका

अगले कुछ मैच में दोनों के पास एक-दूसरे से आगे निकलने का मौका होगा। वुल्वार्ट के पास यह मौका पहले आएगा, क्योंकि जिम्बाब्वे के खिलाफ साउथ अफ्रीकी टीम को दो टी20 मैच खेलने हैं। चौथा मुकाबला 17 सितंबर को जबकि 5वां और आखिरी मुकाबला 19 सितंबर को खेला जाएगा। मंधाना की बात करें तो एशियन गेम्स 2026 में उनके पास वुल्वार्ट से आगे निकलने का मौका होगा। एशियन गेम्स में भारतीय विमेंस टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल में एंट्री मिली है। पहला मुकाबला उसे जापान से खेलना है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article