क्रिकेट

तीसरे टी20 में वैभव के खेलने का रास्ता साफ, जीत के बाद अय्यर ने दिए संकेत

17 सितंबर को होने वाले तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो सकता है। दूसरा टी20 मुकाबला जीतने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस बात के संकेत दिए। वैभव इस सीरीज में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं और एशियन गेम्स में जाने से पहले टीम उनको आजमाना चाहेगी।

Image

श्रेयस अय्यर (साभार-X)

भारत ने दूसरे टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर 3 मैच की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। अफगानिस्तान के 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने संजू सैमसन (57 रन, 22 गेंद, सात चौके, चार छक्के) और अभिषेक शर्मा (39 रन, 19 गेंद, दो चौके, चार छक्के) के बीच पहले विकेट की 6.2 ओवर में 88 रन की साझेदारी की बदौलत केवल 14.5 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। संजू और अभिषेक के अलावा ईशान किशन ने 23 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों से नाबाद 38 रन की पारी खेली।

मैच के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि वे इस मैच में शानदार जीत दर्ज करना चाहते थे और ऐसा करने में सफल रहे। अय्यर ने मैच के बाद कहा, ’’पिछले मैच को देखते हुए हम एक और शानदार जीत चाहते थे और आज का दिन अच्छा रहा। यह सफर हमेशा उतार-चढ़ाव भरा होता है और आपको जितना हो सके संतुलन बनाए रखना होता है। आप हालात को जितना अपनाते हैं चीजें उतनी ही बेहतर होती जाती हैं।’’

तीसरे टी20 में वैभव के खेलने के संकेत

भारत सीरीज अपने नाम कर चुका है। ऐसे में सबको उम्मीद है कि 17 सितंबर को होने वाले तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में टीम इंडिया बेंच स्ट्रैंथ को आजमाएगी। इसको लेकर भारतीय कप्तान अय्यर ने भी सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने अंतिम टी20 में प्लेइंग इलेवन में बदलाव की संभावना पर कहा, ’’निश्चित रूप से हम चाहते हैं कि वे सभी पिच के आदी हो जाएं और कुछ अभ्यास कर लें इसलिए जो खिलाड़ी बाहर बैठे हैं उन्हें मौका देने का यह एक अच्छा अवसर होगा।’’ अय्यर के इस संकेत ने वैभव सूर्यवंशी सहित बेंच पर बैठे बाकी खिलाड़ियों के लिए उम्मीद जगा दी है।

चोट से उबरने के बाद वापसी करते हुए मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए रेड्डी ने कहा कि वह अब अच्छा महसूस कर रहे हैं। रेड्डी ने कहा, ’’अच्छा महसूस कर रहा हूं। अभी मुझे लग रहा है कि मैं अच्छी स्थिति में हूं। हमने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बहुत अच्छा काम किया है और मुझे अच्छा महसूस हो रहा है। मैं हमेशा से एक बेहतरीन ऑलराउंडर बनना चाहता था और इसके लिए मुझे थोड़ी अधिक गति की जरूरत थी जो मुझे मिल रही है। यह सब खुद पर भरोसा करने की बात है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article